Breaking News

भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि का बयान, सीजफायर के बाद होर्मुज पर रखा पक्ष     |   भारत ने पश्चिम एशिया सीजफायर का किया स्वागत, कहा- बातचीत जरूरी     |   ईरान-US वार्ता: इस्लामाबाद में अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस से मिलेंगे ईरानी स्पीकर कलीबाफ     |   'ट्रिगर पर है हमारी उंगली', दुश्मन ने गलती की तो मिलेगा करारा जवाब     |   3 महीने के लिए 25% सस्ते हुए पार्किंग और लैंडिंग चार्ज, सरकार का बड़ा फैसला     |  

MP: मुरैना में रेत माफिया ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से वनकर्मी को कुचला, मौके पर ही मौत

MP: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में बुधवार सुबह एक रेत माफिया ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक वन आरक्षक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने ये जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना जिले की अंबाह तहसील के रानपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 552 पर उस वक्त हुई जब अवैध रेत खनन और परिवहन रोकने के अभियान के तहत गश्त कर रहे वनकर्मियों ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह डावर ने बताया कि वन विभाग के गश्ती दल के सदस्य आरक्षक हरकेश गुर्जर (35) ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की लेकिन चालक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि चंबल नदी के ऐसाह घाट से रेत का अवैध परिवहन कर रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने कहा कि दिमनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आरक्षक के शव को जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना में मारे गए आरक्षक हरिकेश गुर्जर मुरैना जिले के ही जनकपुर गांव का रहने वाले थे और कुछ समय पूर्व ही तबादले के बाद मुरैना आए थे।

मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने इस घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी और अपराधियों के हौसले चरम पर हैं। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘मुरैना में रेत माफिया द्वारा वन विभाग की टीम पर हमला कर आरक्षक हरिकेश गुर्जर को ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर देना न केवल भयावह है, बल्कि ये साबित करता है कि प्रदेश में अपराधियो में कानून का डर समाप्त हो चुका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये घटना प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और बीजेपी सरकार के ‘सुशासन’ की तस्वीर है, अवैध खनन माफिया दिनदहाड़े कानून के रक्षकों की हत्या कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। ये सीधा-सीधा शासन की विफलता और अपराधियों को मिला संरक्षण है।’’

सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से इस मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर दोषियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस घटना की निंदा की और कहा कि वे मुख्यमंत्री से चर्चा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

सांगठनिक बैठकों में शामिल होने मुरैना पहुंचे खंडेलवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ऐसे माफियाओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि माफियाओं के पक्ष में बयान देने वाले पार्टी के नेताओं पर भी शिकंजा कसा जाएगा।