Breaking News

अमेरिका ने ईरान की सेना को पूरी तरह से तबाह कर दिया है: ट्रंप     |   मशहूर सिंगर आशा भोसले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती     |   इराकी संसद ने निजार अमेदी को देश का नया राष्ट्रपति चुना     |   लेबनान के पीएम ने वॉशिंगटन यात्रा स्थगित की     |   ईरान की बड़ी शर्त, कहा- बेरूत पर हमले रुके तभी होगी US से बात     |  

तेलंगाना में 100 और कुत्तों को मारा गया, कार्यकर्ता का दावा- अब तक 1200 की मौत

Telangana: पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने दावा किया है कि तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में कथित तौर पर लगभग 100 आवारा कुत्तों को मार दिया गया, जिससे दिसंबर 2025 से राज्य में मारे जाने वाले कुत्तों की संख्या 1,200 हो गई है।

एक पशु कल्याण कार्यकर्ता एम. प्रीति ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि 10 दिन पहले तिम्मैपल्ली गांव में 18,000 रुपये देकर कुत्ते मारने वालों को काम सौंपा गया और जहरीले इंजेक्शन देकर लगभग 100 आवारा कुत्तों को मार दिया गया और उनके शवों को गांव से दो किलोमीटर दूर दफना दिया गया।

शिकायतकर्ता, जो स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया (एनजीओ) में पशु क्रूरता रोकथाम सहायक के तौर पर काम करती हैं, ने इसके लिए गांव के सरपंच और ग्राम पंचायत सचिव पर आरोप लगाया है।

चरकोंडा पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर सरपंच के बेटे, पंचायत सचिव और एक ग्रामीण के खिलाफ बीएनएस और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि अब तक 12 कुत्तों के शव मिले हैं और आगे की जांच जारी है।

पिछले साल दिसंबर और जनवरी में तेलंगाना के जिलों से आवारा कुत्तों को बड़े पैमाने पर मारे जाने की कई घटनाएं सामने आई थीं, जिससे मरने वाले कुत्तों की संख्या 1,200 हो गई है। इसके बाद पशु कल्याण कार्यकर्ताओं द्वारा दर्ज शिकायतों के आधार पर पंचायत अध्यक्षों, उनके पतियों, सचिवों और कई लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे।

शक है कि ये हत्याएं पिछले साल दिसंबर में हुए ग्राम पंचायत चुनावों से पहले गांव वालों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए की गई थीं, ताकि आवारा कुत्तों की समस्या से निपटा जा सके।