कश्मीर हिमालय में एक बार फिर “बम बम भोले” के जयकारों की गूंज सुनाई देने वाली है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (SASB) के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने आज आधिकारिक रूप से घोषणा की कि पवित्र अमरनाथ गुफा की वार्षिक यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी। इस वर्ष यह यात्रा कुल 57 दिनों तक चलेगी।
एलजी सिन्हा ने बताया, “यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी और रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त को समाप्त होगी। इस बार यात्रा की अवधि थोड़ी लंबी रखी गई है, जो कुल 57 दिन की होगी। प्रथम पूजा 29 जून 2026 को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर होगी और पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू होगा।” उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए अग्रिम पंजीकरण की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध रहेगी। देशभर में जम्मू-कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक की 554 शाखाओं में रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। इसके अलावा, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण भी किया जा सकता है।
उपराज्यपाल ने कहा कि यात्रा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की आयु 13 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ वर्षों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है, जो श्रद्धा में वृद्धि और बेहतर सुविधाओं का संकेत है। यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए इस बार कई नए कदम उठाए गए हैं। सभी श्रद्धालुओं के लिए RFID कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है और समूह दुर्घटना बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर में भी बड़े सुधार किए गए हैं, जिसमें बालटाल और नुनवान मार्गों पर रास्तों को चौड़ा करना, पुलों को बेहतर बनाना और आपदा प्रबंधन को मजबूत करना शामिल है। इसके लिए माउंटेन रेस्क्यू टीम और सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जाएगी। एलजी सिन्हा ने कहा कि बेहतर सुविधाएं, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, स्वच्छता और कनेक्टिविटी में सुधार के चलते यात्रा का अनुभव पहले से काफी बेहतर हुआ है और श्रद्धालु व्यवस्थाओं से अधिक संतुष्ट हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस साल भी हजारों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुचारु यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।