Breaking News

MP: ट्विशा की मौत केस में आरोपी पति समर्थ को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया     |   पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पीएम मोदी संग 45 तक चली मुलाकात     |   ट्विशा शर्मा केस: सास गिरिबाला की जमानत रद्द करने की याचिका पर 25 मई को सुनवाई     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रह गया: RBI     |   मध्य प्रदेश: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया     |  

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया हुआ कमजोर, 50 पैसे टूटकर 96.14 पर पहुंचा

Rupee vs Dollar: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया शुक्रवार को दोपहर कारोबार में पहली बार 96 प्रति डॉलर के पार पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी नीति निर्माताओं की सख्त टिप्पणियों के बीच रुपये की विनिमय दर में गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि लगातार विदेशी पूंजी निकासी और शुद्ध रूप से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के कमजोर प्रवाह के कारण रुपया दबाव में है। इससे भुगतान संतुलन पर भी असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं, घरेलू बाजार के अपेक्षाकृत ऊंचे मूल्यांकन और कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित निवेश अवसरों की कमी का भी पूंजी प्रवाह पर असर पड़ा है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.86 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में यह 50 पैसे टूटकर कारोबार के दौरान अब तक के सबसे निचले स्तर 96.14 प्रति डॉलर तक पहुंच गया। गुरुवार को रुपया शुरुआती कारोबार में 95.96 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर तक गिरने के बाद अंत में दो पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.64 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.20 प्रतिशत चढ़कर 109.20 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा कि अमेरिकी नीति निर्माताओं की सख्त टिप्पणियों, अमेरिका से बेहतर आर्थिक आंकड़ों और ट्रंप-शी चिनफिंग वार्ता के अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहने के कारण एशियाई मुद्राएं निचले स्तर पर पहुंच गईं।