Breaking News

केरलम में प्रधानमंत्री मोदी बोले- LDF सरकार जाएगी, जनता को NDA पर भरोसा     |   राजस्थान SI भर्ती 2021: HC ने सिंगल बेंच का फैसला बरकरार रखा, अभ्यर्थियों को झटका     |   'झूठ फैलाने में माहिर हैं LDF-UDF', केरल में विपक्षी गठबंधन पर PM मोदी का निशाना     |   अफगानिस्तान में आए 5.9 तीव्रता के भूकंप में एक घर ढहने से 8 लोगों की मौत     |   अमेरिकी विमानों को गिराए जाने का ईरान के साथ बातचीत पर नहीं पड़ेगा कोई असर: ट्रंप     |  

Israel: पीएम मोदी ने याद वशेम स्मारक का दौरा किया, होलोकॉस्ट पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि

Israel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को यरुशलम में याद वाशेम स्मारक का दौरा किया और ‘होलोकॉस्ट’ के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद थे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “होलोकॉस्ट के पीड़ितों की स्मृति को नमन करते हुए और शांति तथा मानव गरिमा की रक्षा के हमारे साझा संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व होलोकॉस्ट स्मरण केंद्र याद वाशेम का दौरा किया।”

होलोकॉस्ट द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाज़ी जर्मनी द्वारा किया गया नरसंहार था, जिसमें लगभग 60 लाख यहूदियों को मार डाला गया था। प्रधानमंत्री ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया और होलोकॉस्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने ‘बुक ऑफ नेम्स हॉल’ का भी दौरा किया, जहां होलोकॉस्ट में मारे गए लाखों लोगों की स्मृति को संरक्षित रखने का प्रयास किया गया है। जायसवाल ने कहा, “ये स्मारक अतीत की क्रूरता की गंभीर याद दिलाता है और अन्याय के खिलाफ खड़े होने तथा बेहतर विश्व के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।”

ये प्रधानमंत्री मोदी की याद वाशेम की दूसरी यात्रा है। इस स्मारक की स्थापना 1953 में इजराइली संसद (नेसेट) के एक अधिनियम के तहत की गई थी और इसे होलोकॉस्ट के स्मरण, दस्तावेजीकरण, शोध और शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर इजराइल पहुंचे। पिछले नौ वर्षों में ये उनकी इजराइल की दूसरी यात्रा है। जुलाई 2017 में इस देश की उनकी पहली यात्रा के दौरान भारत-इजराइल संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाया गया था।