Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

देहरादून एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने ‘डिजी यात्रा’ सुविधा की शुरुआत की

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने रविवार को गुजरात के राजकोट से वर्चुअली देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर ‘डिजी यात्रा’ सुविधा की शुरुआत की। इस सेवा के शुरू होने के बाद यात्री अब फेस रिकग्निशन तकनीक के जरिए बिना किसी मैनुअल जांच के आसानी से एयरपोर्ट में प्रवेश कर सकेंगे। इससे चेक-इन, बोर्डिंग पास और अन्य प्रक्रियाओं में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा। अब तक यह सुविधा देश के बड़े हवाई अड्डों तक ही सीमित थी।

एयरपोर्ट पर मौजूद एक यात्री दिव्या सिंघानिया ने ‘डिजी यात्रा’ की सराहना करते हुए कहा कि इससे यात्रा करना काफी आसान हो गया है। उन्होंने बताया कि अब यात्रियों को लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ती और उनका समय भी बचता है। ‘डिजी यात्रा’ एक सेल्फ-सॉवरेन आइडेंटिटी (SSI) आधारित प्रणाली है, जो फेस बायोमेट्रिक तकनीक का उपयोग कर यात्रियों को कॉन्टैक्टलेस और सहज अनुभव प्रदान करती है। यह सरकार की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य एयरपोर्ट पर पेपरलेस और तेज प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।

इस तकनीक के जरिए यात्री अपने चेहरे की पहचान के आधार पर एयरपोर्ट के विभिन्न चेकपॉइंट्स को आसानी से पार कर सकते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन जाती है। गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की व्यक्तिगत जानकारी किसी केंद्रीय सर्वर पर संग्रहीत नहीं की जाती। उनकी आईडी और यात्रा से जुड़ी जानकारी उनके स्मार्टफोन में सुरक्षित रहती है और इस्तेमाल के 24 घंटे के भीतर सर्वर से डेटा हटा दिया जाता है।