Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

भवानीपुर से सुवेंदु अधिकारी ने भरा नामांकन, ममता बनर्जी से सीधी टक्कर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। इसी बीच बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को भवानीपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी मौजूद रहे। सुवेंदु अधिकारी इस बार बीजेपी के टिकट पर भवानीपुर के साथ-साथ नंदीग्राम सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। भवानीपुर सीट पर उनका सीधा मुकाबला मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी से माना जा रहा है, जबकि नंदीग्राम सीट पर वे अपनी पकड़ बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।

गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी से हार का सामना करना पड़ा था, हालांकि बाद में उन्होंने भवानीपुर उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की थी। नामांकन से पहले अमित शाह ने भवानीपुर में एक बड़ा रोड शो भी किया, जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान शाह ने राज्य में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और अवैध घुसपैठ जैसे मुद्दों को उठाया और बदलाव की जरूरत बताई।

उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता बदलाव चाहती है और बीजेपी ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को साकार करना चाहती है। शाह ने यह भी कहा कि राज्य में घुसपैठ पर रोक लगाना जरूरी है। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। पिछले चुनाव में टीएमसी ने 213 सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की थी, जबकि बीजेपी को 77 सीटें मिली थीं।