कॉमेडियन समय रैना ने ‘India’s Got Latent’ विवाद के बाद एक साल से ज्यादा समय तक पब्लिक लाइफ से दूर रहने के बाद दमदार वापसी की है। उनका नया स्टैंड-अप स्पेशल ‘Still Alive’ यूट्यूब पर बड़ा वैश्विक रिकॉर्ड बना चुका है। समय रैना का यह पहला आधिकारिक स्टैंड-अप स्पेशल है, जो यूट्यूब पर 53.4 मिलियन से ज्यादा व्यूज पार कर चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह एक ही अपलोड में दुनिया का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला फुल-लेंथ स्टैंड-अप कॉमेडी स्पेशल बन गया है। इस उपलब्धि के साथ समय रैना ऐसे पहले कॉमेडियन बन गए हैं, जिन्होंने एक वीडियो प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा देखे जाने वाले स्टैंड-अप स्पेशल का रिकॉर्ड बनाया है।
1 घंटे 21 मिनट लंबे इस शो में समय ने ‘India’s Got Latent’ विवाद, अपने एक साल के ब्रेक, निजी और आर्थिक संघर्ष, बचपन में हुई बुलिंग, अपनी कश्मीरी पंडित पहचान, मानसिक स्वास्थ्य और फैंस व करीबी दोस्तों से मिले समर्थन पर खुलकर बात की है। गौरतलब है कि ‘India’s Got Latent’ विवाद पिछले साल फरवरी में शुरू हुआ था, जब रणवीर अल्लाहबादिया, आशीष चंचलानी और अपूर्वा मुखीजा शो में पैनलिस्ट के रूप में नजर आए थे। रणवीर के एक बयान के बाद विवाद बढ़ा और समय रैना समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद समय ने शो को यूट्यूब से हटा दिया था, जबकि रणवीर ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। विवाद के बावजूद समय रैना ने संकेत दिए हैं कि ‘India’s Got Latent’ का दूसरा सीजन भी जल्द आ सकता है।