Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

राम नवमी पर देशवासियों को PM मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू और उपराष्ट्रपति ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राम नवमी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सभी के कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान राम के आशीर्वाद से देश ‘विकसित’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मेरे सभी देशवासियों को राम नवमी की असीम शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के त्याग, तप और संयम से भरे जीवन से हमें हर परिस्थिति का सामना पूरी शक्ति से करने की प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्श न केवल भारतवासियों बल्कि पूरी मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे। प्रभु श्रीराम की कृपा से सभी का कल्याण हो और ‘विकसित’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प पूर्ण हो।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को बधाई देते हुए इस पर्व को नैतिक मूल्यों की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा, “राम नवमी के पावन पर्व पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार हमें न्याय, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम के जीवन से हमें त्याग, सद्भाव और आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश मिलता है। आइए, उनके आदर्शों को अपनाकर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण के लिए कार्य करें।”

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भगवान राम को सत्य और मर्यादा का सर्वोच्च आदर्श बताते हुए देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “राम नवमी के पावन और गौरवपूर्ण अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्रीराम का जीवन धैर्य, त्याग और न्याय के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके आदर्श हमें सामाजिक समरसता, नैतिक आचरण और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से समाज से अन्याय, अहंकार और अशांति का अंत हो तथा राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे। हिंदू धर्म में वर्षभर चार नवरात्रि मनाई जाती हैं, जिनमें चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि प्रमुख हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व का समापन राम नवमी के दिन होता है, जो भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु व्रत, पूजा और ध्यान के माध्यम से देवी शक्ति के नौ स्वरूपों की आराधना करते हैं। राम नवमी पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या में इसका विशेष महत्व है, जहां भव्य आयोजन किए जाते हैं।