Breaking News

‘नेगोशिएशन पटरी से उतर सकती है’, रूस ने इजरायल के लेबनान पर हमले की आलोचना की     |   दो दिवसीय दौरे पर कतर की राजधानी दोहा पहुंचे हरदीप सिंह पुरी     |   ‘इजरायल की कार्रवाई की निंदा’, शहबाज शरीफ बोले- लेबनान के साथ खड़ा है पाकिस्तान     |   विधानसभा चुनाव: शाम 6 बजे तक असम में 85.04, केरल में 77.38, पुडुचेरी में 89.08% मतदान     |   तेल की कीमतें फिर से उछलकर 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंची     |  

कमालपुर में 6.5 करोड़ से बना नया विद्युत उपकेंद्र, 4000 उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ

संभल के बहजोई क्षेत्र में विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए शासन ने अहम कदम उठाया है, अधिक ओवरलोडिंग के कारण लंबे समय से बिजली कटौती की समस्या झेल रहे ग्रामीणों और किसानों को अब राहत मिलने जा रही है। पगांव कमालपुर में लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र का निर्माण पूरा हो गया है, जिसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री धर्मवीर सिंह प्रजापति ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री ने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय क्षेत्र में अराजक तत्वों का दबदबा था और दिनदहाड़े लूट की घटनाएं आम थीं, लेकिन वर्तमान सरकार में विकास कार्यों को गति मिली है, उन्होंने दावा किया कि आज क्षेत्र में न केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है, बल्कि जमीनों के दाम भी बढ़े हैं, और कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। 

अधीक्षण अभियंता हिमांशु वार्ष्णेय ने बताया कि इस नए उपकेंद्र में बहजोई बिजली घर से जुड़े 11 गांव और बिसारू बिजली घर से जुड़े 8 गांवों को सम्मिलित किया गया है। करीब 4000 विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शन अब इस नए उपकेंद्र से जोड़े गए हैं। इससे जहां बहजोई और बिसारू बिजली घरों का लोड कम होगा, वहीं उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली कटौती से राहत मिलेगी। 

इस उपकेंद्र के शुरू होने से किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए समय पर बिजली उपलब्ध होगी, जिससे उत्पादन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, साथ ही ग्रामीणों को भी बेहतर विद्युत आपूर्ति मिलने से उनके दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ेगी, प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।