Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

Share Market: शेयर बाजार ने तीन दिन की गिरावट के क्रम को तोड़ा, सेंसेक्स 650 अंक उछला

Share Market: इक्विटी बेंचमार्क सूचकांकों ने सोमवार को अपने तीन दिन की गिरावट के क्रम को तोड़ा और बढ़त के साथ बंद हुआ। बिजली, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में मजबूत खरीदारी से सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग एक प्रतिशत की तेजी आई।

सकारात्मक वैश्विक संकेतों ने बाजार की धारणा को और बढ़ावा दिया, क्योंकि महंगाई के नरम आंकड़ों के बाद अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड में हो रही लगातार गिरावट ने इस वित्तीय वर्ष के आखिर में संभावित फेड दर में कटौती की उम्मीदों को मजबूत किया।

निवेशक अब फेडरल रिजर्व के नीतिगत रुख का इंतजार कर रहे हैं और इसलिए आगामी फेडरल रिजर्व की बैठक पर करीब से नजर रख रहे हैं। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 650 अंक बढ़कर 83,277 अंक पर बंद हुआ, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 211 अंक बढ़कर 25,682 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स पैक में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और आईटीसी सबसे ज्यादा चढ़े, जबकि टेक महिंद्रा, क्वालिटी वॉल्स इंडिया लिमिटेड, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस और ट्रेंट लिमिटेड सबसे ज्यादा लुढ़के।

क्षेत्रीय मोर्चे पर बिजली, रियल्टी, बैंक, कैपिटल गुड्स, ऊर्जा और वित्तीय सेवाओं के शेयरों ने बाजार को रफ्तार दी, जबकि ऑटो और मीडिया काउंटरों में गिरावट रही। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ। चीन और साउथ कोरिया में छुट्टी की वजह से मार्केट बंद रहे।

यूरोपियन बाजार सोमवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं वॉल स्ट्रीट शुक्रवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 7,395 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे।