Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

राम नवमी पर ‘रामायण’ का बड़ा ऐलान, 2 अप्रैल को आएगी ‘राम’ की पहली झलक

राम नवमी के पावन अवसर पर रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण' के मेकर्स ने एक अहम घोषणा की, जिससे फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने इंस्टाग्राम पर बताया कि फिल्म का अगला प्रमोशनल एसेट 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के दिन रिलीज किया जाएगा। इस नई झलक का टाइटल 'राम' रखा गया है।

उन्होंने लिखा, "शुभ राम नवमी। यह एक ऐसी कहानी है जो हम सभी की है, और हर कदम हमने पूरी जिम्मेदारी, भक्ति और सावधानी के साथ उठाया है, ताकि अपनी रामायण को उसके सच्चे स्वरूप और भव्यता के साथ ईमानदारी से प्रस्तुत कर सकें। हम 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर 'राम' की अगली झलक साझा करने के लिए उत्सुक हैं। यह हमारे कई वर्षों की मेहनत को दुनिया भर के दर्शकों के सामने भव्य रूप से पेश करने की शुरुआत होगी। आपके प्यार, विश्वास और धैर्य के लिए धन्यवाद।"

रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, वहीं साई पल्लवी सीता का रोल निभा रही हैं। यश रावण के दमदार किरदार में दिखेंगे, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। 'रामायण' 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। इससे पहले, एक इवेंट के दौरान डायरेक्टर नितेश तिवारी ने इस प्रोजेक्ट को सांस्कृतिक मील का पत्थर बताया था। उन्होंने कहा, "यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि एक विजन है, जो हमारी संस्कृति की आत्मा का सम्मान करते हुए सीमाओं से परे जाने का प्रयास है।"

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज, 8 बार ऑस्कर जीत चुकी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह दो भागों में रिलीज होगी, जिसमें पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में IMAX पर दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा।