Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पहुंची

दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 153 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.8 डिग्री कम है। आईएमडी ने बताया कि न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत से 0.9 डिग्री कम था।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, विभिन्न मौसम केंद्रों में से सफदरजंग में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, पालम में 15.7 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 18 डिग्री सेल्सियस, रिज में 18.7 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, पालम में 4.5 डिग्री, लोधी रोड में 5.8 डिग्री, रिज में 6.1 डिग्री और आयानगर में 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे सापेक्ष आर्द्रता 63 प्रतिशत दर्ज की गई।

सीपीसीबी के अनुसार, रविवार को शाम चार बजे दिल्ली का एक्यूआई 153 दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह 192 था। सीपीसीबी के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'अत्यंत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। मौसम विभाग ने सोमवार की रात को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध रहने का अनुमान लगाया है, जिसमें अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 20 और पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।