Breaking News

अफगानिस्तान में आए 5.9 तीव्रता के भूकंप में एक घर ढहने से 8 लोगों की मौत     |   अमेरिकी विमानों को गिराए जाने का ईरान के साथ बातचीत पर नहीं पड़ेगा कोई असर: ट्रंप     |   इजरायली सेना का बेरूत में बड़ा हमला, हिजबुल्लाह के ठिकानों को बनाया निशाना     |   केरल: शशि थरूर के काफिले को हमलावरों ने रोका, गनमैन से मारपीट     |   स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर अभी ढील नहीं देगा ईरान, अमेरिकी इंटेलिजेंस ने जारी की चेतावनी     |  

दिल्ली के कई स्कूलों को बम की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

दिल्ली में फिर से कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई है. धमकी भरे संदेश के बाद संबंधित स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं. धमकी मिलने वाले स्कूलों में झंडेवाला स्थित बीटी तमिल स्कूल, एसपीवी स्कूल और ब्रिटिश स्कूल का नाम शामिल बताया जा रहा है. 

इस मामले की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने भी स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू की. स्कूल की बिल्डिंग में कक्षाओं, पार्किंग क्षेत्रों और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली.

इससे पहले साउथ दिल्ली के कई स्कूलों को भी बम की धमकी मिली थी, हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था. जिन स्कूलों को पहले बम की धमकी मिली थी उनमें लॉरेटो कान्वेंट स्कूल दिल्ली केंट, केम्ब्रिज स्कूल श्रीनिवासन पूरी, वेयकेटेशवर स्कूल रोहणी, केम्ब्रिज स्कूल NFC, इंडियन स्कूल सादिक नगर, CM श्री रोहणी, DTA स्कूल INA, बाल भारती स्कूल रोहणी, वनस्थली स्कूल और न्यू राजेंद्र नगर शामिल थे.

हाल ही में दिल्ली ही नहीं अन्य राज्यों में भी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली हैं. राजस्थान में जयपुर के मानसरोवर इलाके में मॉडर्न विद्यालय को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला था. इसके साथ ही पंजाब के मोहाली में 16 निजी विद्यालयों को भी बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल आया था, जिसके बाद विद्यालयों को खाली कराना पड़ा. हालांकि जांच के बाद किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई. वहीं  पटना दीवानी अदालत को पिछले तीन दिन में बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलता है.