Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान के तहत सांसदों और दिल्ली पुलिस के बीच खेला गया मैत्री टी20 क्रिकेट मैच

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ‘टीबी मुक्त भारत’ जागरूकता अभियान के तहत सांसदों (MPs) और दिल्ली पुलिस के कर्मियों के बीच एक मैत्री टी20 क्रिकेट मैच खेला गया। इस मैच का उद्देश्य भारत से टीबी (क्षय रोग) को खत्म करने के लिए सरकार की पहल के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना है। यह टी20 मैच नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें सांसदों की टीम और दिल्ली पुलिस की टीम आमने-सामने आईं।

मैच से पहले बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, “मैं सांसदों और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का आभारी हूं। हम यह मैच जागरूकता के लिए खेल रहे हैं। यहां कौन जीतेगा या हारेगा, इससे फर्क नहीं पड़ता। टीबी हारेगी और देश जीतेगा।” बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने बताया कि इस मैच का आयोजन कॉनस्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया हर साल करता है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा नेहरू काल से चली आ रही है और इसका मकसद ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान को बढ़ावा देना है।

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी कहा कि देश में टीबी के खिलाफ एक बड़ा अभियान चल रहा है और अब इसके इलाज और बचाव के कई तरीके उपलब्ध हैं। लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए यह क्रिकेट मैच खेला जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक तरफ सांसदों की टीम और दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस की टीम इस प्रदर्शनी मैच में हिस्सा ले रही है।

पिछले साल सांसदों की टीम का मुकाबला बॉलीवुड कलाकारों की टीम से हुआ था, जिसकी कप्तानी सुनील शेट्टी ने की थी। उस टीम में सोहेल खान, शरद केलकर, राजा भेरवानी, शब्बीर आहलूवालिया, फ्रेडी दारूवाला, समीर कोचर, नवदीप तोमर, सनी देओल, अभिषेक कपूर, सिद्धार्थ जाधव और मुद्दसिर भट जैसे कलाकार शामिल थे। उस मैच में अभिनेताओं की टीम ने सांसदों की टीम को हरा दिया था।