Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

कर्नाटक में सरकारी स्कूल के बाहर 16 वर्षीय छात्र की हत्या, इलाके में तनाव

कर्नाटक पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सुलेबैलू में एक सरकारी स्कूल के बाहर 16 वर्षीय लड़के की हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। घटना के बाद शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। ये घटना उरागडूरू स्थित सरकारी हाई स्कूल के एसएसएलसी छात्र संकेथ (16) के एग्जाम से पहले क्लास के बाद घटी।

पुलिस अधीक्षक निखिल बी ने पत्रकारों को बताया कि संकेथ ने अपने स्कूल के बाहर लड़कों के एक समूह के बीच हो रहे झगड़े में हस्तक्षेप किया था।
एसपी ने बताया, “उसके कुछ परिचित दोस्त, जो पहले एक ही स्कूल में पढ़ते थे, इस घटना में शामिल थे। वे भी नाबालिग हैं। उन्होंने उसे हाथों से मारा। चोट लगते ही वो गिर पड़ा। गिरने के बाद जब तक उसे अस्पताल ले जाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।”

उन्होंने बताया, “...उसके सीने के पास चोट लगी थी। उस चोट के कारण वो मौके पर ही गिर पड़ा।” इस मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारी ने आगे कहा, “घटना में शामिल बाकी लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” एसपी ने कहा कि घटना का सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

उन्होंने कहा, “हमारे पास इस बारे में पूरी जानकारी नहीं है। विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगा। कुछ लोग कह रहे हैं कि ये किसी मामूली बात पर हुआ होगा। हालांकि, हम इस स्तर पर इसकी पुष्टि नहीं कर सकते।” इस घटना ने सांप्रदायिक रंग ले लिया, जिसको देखते हुए अधिकारियों ने शहर भर में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और हालात खराब न हो।