Breaking News

अफगानिस्तान में आए 5.9 तीव्रता के भूकंप में एक घर ढहने से 8 लोगों की मौत     |   अमेरिकी विमानों को गिराए जाने का ईरान के साथ बातचीत पर नहीं पड़ेगा कोई असर: ट्रंप     |   इजरायली सेना का बेरूत में बड़ा हमला, हिजबुल्लाह के ठिकानों को बनाया निशाना     |   केरल: शशि थरूर के काफिले को हमलावरों ने रोका, गनमैन से मारपीट     |   स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर अभी ढील नहीं देगा ईरान, अमेरिकी इंटेलिजेंस ने जारी की चेतावनी     |  

'कैश फॉर क्वेरी' मामले में महुआ मोइत्रा को राहत, SC ने दिल्ली HC के आदेश पर लगाई रोक

New Delhi: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट के दिसंबर 2025 के उस आदेश के एक हिस्से पर रोक लगा दी, जिसमें लोकपाल को तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ कथित 'कैश-फॉर-क्वेरी' घोटाले में सीबीआई को चार्जशीट दाखिल करने की अनुमति देने पर विचार करने की इजाजत दी गई थी।

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ ने लोकपाल की हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर मोइत्रा, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और शिकायतकर्ता बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे को नोटिस जारी किया। 19 दिसंबर 2025 को हाई कोर्ट ने लोकपाल के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसमें सीबीआई को कथित 'कैश-फॉर-क्वेरी' घोटाले में मोइत्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने की इजाजत दी गई थी।

उच्च न्यायालय ने अपने फैसले के अनुच्छेद 89 में कहा था, “माननीय लोकपाल से अनुरोध है कि वे लोकपाल अधिनियम की धारा 20 के तहत मंजूरी देने के लिए, ऊपर वर्णित प्रावधानों के अनुसार, आज से एक महीने के भीतर अपने विचार प्रस्तुत करें।”

मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने लोकपाल अधिनियम की धारा 20 के तहत उल्लिखित शक्तियों और प्रक्रियाओं से संबंधित कई याचिकाओं पर नोटिस जारी करते हुए उच्च न्यायालय के फैसले के अनुच्छेद 89 पर रोक लगा दी।

कैश-फॉर-क्वेरी मामले में आरोप है कि मोइत्रा ने लोकसभा में एक व्यवसायी से नकद और उपहार लेकर सवाल पूछे थे। उच्च न्यायालय का फैसला मोइत्रा की उस याचिका पर आया था जिसमें उन्होंने 12 नवंबर, 2025 के उस लोकपाल आदेश को चुनौती दी थी जिसमें सीबीआई को उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने की मंजूरी दी गई थी।