Breaking News

गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |   नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने अपने पद से दिया इस्तीफा     |   ईरान-अफगानिस्तान के विदेश मंत्रियों की बातचीत, सीजफायर और क्षेत्रीय हालात पर हुई चर्चा     |  

दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार होने के आसार, ‘येलो अलर्ट जारी’

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि देखी गई, जबकि अधिकतम तापमान के 41-43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं, मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ये जानकारी दी।

मौसम विभाग ने संभावित भीषण गर्मी की चेतावनी दी है और आज के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। पूर्वानुमानों के अनुसार, दिन भर आसमान के मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, हालांकि दिल्ली के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी के आसार हैं और दिन के दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।

अगले दो दिन तक भी मौसम के इसी तरह रहने की संभावना जताई जा रही है और शुक्रवार तक ‘येलो अलर्ट’ जारी रहेगा। दिल्ली के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में बुधवार को न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये सामान्य से 1.1 डिग्री कम और पिछले दिन की तुलना में 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। अन्य मौसम केंद्रों में भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

पालम में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन से 2.4 डिग्री अधिक है; लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 1.8 डिग्री अधिक है और आयानगर में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मंगलवार से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

इस बीच, मौसम विज्ञान विभाग ने दिन का अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 216 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है, जबकि मंगलवार शाम चार बजे पिछले 24 घंटे का औसत एक्यूआई 177 दर्ज किया गया जो, ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। हालांकि दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि बुधवार शाम तक एक्यूआई में सुधार होकर यह फिर से ‘मध्यम’ श्रेणी में आ जाएगा और अगले कुछ दिनों तक इसी स्तर पर बना रहेगा।