Breaking News

अब सरकारी डॉक्टर नहीं करे सकेंगे प्राइवेट प्रैक्टिस, बिहार सरकार का बड़ा फैसला     |   इस्लामाबाद में शुरू हुई अमेरिका-ईरान की बातचीत     |   ईरान-US में बातचीत आधिकारिक रूप से शुरू हो चुकी है: राष्ट्रपति ट्रंप     |   लेबनान में सीजफायर समझौते का हिस्सा, PAK ने भी इसकी पुष्टि की थी: ईरान     |   ईरान की शर्तों पर अमेरिका राजी नहीं: व्हाइट हाउस     |  

Share Market: वित्तीय शेयरों में खरीदारी से बाजार में रौनक लौटी, सेंसेक्स 919 अंक उछला

Share Market: वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को बैंकों में तगड़ी खरीदारी आने से बढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स 918.60 अंक उछल गया जबकि निफ्टी में 275.50 अंक की बढ़त दर्ज की गई। विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट नरम पड़ने की संभावना, अमेरिका-ईरान वार्ता की उम्मीदें और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 918.60 अंक यानी 1.20 प्रतिशत चढ़कर 77,550.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 990.85 अंक उछलकर 77,622.50 के स्तर तक चला गया था। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 275.50 अंक यानी 1.16 प्रतिशत बढ़कर 24,050.60 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स के समूह में शामिल 30 कंपनियों में से एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो), एक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, सन फार्मा, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी सकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर रहे थे।

अमेरिकी बाजार गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.57 प्रतिशत बढ़कर 96.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 1,711.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 955.90 करोड़ रुपये की खरीदारी की।

इससे पहले, गुरुवार को सेंसेक्स 931.25 अंक गिरकर 76,631.65 और निफ्टी 222.25 अंक फिसलकर 23,775.10 अंक पर बंद हुआ था।