तरनतारन, आठ नवंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पंजाब सरकार पर मादक पदार्थ, कानून-व्यवस्था और कर्ज के मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए, उन्होंने लोगों से 11 नवंबर को तरनतारन विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हरजीत सिंह संधू को वोट देने का आग्रह किया।
सभा को संबोधित करते हुए, गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि जिस तरह उनकी पार्टी ने अपने शासन के दौरान दिल्ली को ‘‘बर्बाद’’ किया, उसी तरह अब वह पंजाब को ‘‘बर्बाद’’ कर रही है।
पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए, दिल्ली की मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में हर दिन हत्याएं हो रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को लूटा जा रहा है, जबरन वसूली के दौरान सड़कों पर उनकी हत्या की जा रही हैं। इन सबके पीछे कौन है? क्या आप यह नहीं जानते?’’
गुप्ता ने आरोप लगाया कि पूरा राज्य ‘‘नशे की चपेट है।’’
उन्होंने राज्य के ‘‘बढ़ते कर्ज’’ को लेकर भी आप सरकार पर हमला बोला और कहा, ‘‘पंजाब कर्ज में क्यों डूबा हुआ है? इस कर्ज का बोझ लोगों के कंधों पर है।’’
भाषा शफीक माधव
माधव