कोलकाता, आठ नवंबर (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कर्नाटक के एक भाजपा सांसद पर रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा रचित राष्ट्रगान 'जन गण मन' का अपमान करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कोलकाता में टैगोर परिवार के पैतृक घर 'जोरासांको ठाकुरबाड़ी' में विरोध प्रदर्शन किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी के इस दावे के बाद विवाद खड़ा हो गया है कि देश का राष्ट्रगान ब्रिटिश अधिकारी के स्वागत के लिए लिखा गया था।
कागेरी ने यह टिप्पणी राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में होन्नावर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की।
ठाकुरबाड़ी परिसर के अंदर टैगोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद ठाकुरबाड़ी के बाहर एक सभा को संबोधित करते हुए टीएमसी की वरिष्ठ नेता शशि पांजा ने कहा, ‘‘बंगाल के बुद्धिजीवियों के अपमान से हमें गहरा दुख हुआ है। हम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किए गए ऐसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। ’’
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सवाल उठा रही है कि क्या 'जन गण मन' राष्ट्रगान बना रहेगा।
पांजा ने दावा किया, ‘‘भाजपा नेतृत्व ने अपराधी (सांसद) के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।’’
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘इसका मतलब यह है कि वे उनकी बात का समर्थन कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ जो लोग किसी को देशभक्त या देशद्रोही कहते हैं, उन्हें तय करना चाहिए कि ऐसी टिप्पणी किस श्रेणी में आती है?’’
उन्होंने कहा कि भाजपा बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के 'वंदे मातरम' और टैगोर के 'जन गण मन' को लेकर विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही है।
भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन