चंपावत जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीओ टनकपुर के नेतृत्व में बनबसा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अब तक की जिले की सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खटीमा–टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनबसा क्षेत्र में बिना नंबर की मोटरसाइकिल से जा रहे तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 799 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
एसपी अजय गणपति ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में सूरजदीप सिंह के पास से 263 ग्राम, करनैल सिंह के पास से 265 ग्राम और गुरमीत सिंह के पास से 271 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तीनों अभियुक्त उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि चंपावत पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में अब तक 17 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों की बरामदगी की जा चुकी है। इस दौरान पुलिस ने 25 किलो से अधिक चरस, 2 किलो से ज्यादा स्मैक, 5 किलो से अधिक एमडीएमए, 986 ग्राम अफीम और 83 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। चंपावत पुलिस और एसटीएफ की यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है।