Breaking News

सिक्कम: नेशनल हाईवे 10 पर सिंगतम-रंगपो के बीच भूस्खलन, गंगटोक जाने वाली सड़क बंद     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने पेंशन लाभार्थियों के खातों में ₹1,423.94 करोड़ भेजे     |   UP: ‘लंबे समय तक अयोध्या को नजरअंदाज किया गया’, बोले सीएम योगी आदित्यनाथ     |   इंग्लैंड से हार के बाद BCCI खिलाड़ियों-कोचिंग स्टाफ के प्रदर्शन की समीक्षा करेगा     |   दिल की बीमारियों के बाद कैंसर बनी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी जानलेवा बीमारी: WHO     |  

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा टला, ग्रामीण की सूझबूझ से बची चालक की जान

दोस्तपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ग्राम सभा सहगिया के पास 165.5 किलोमीटर पर चलती कार का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और कई बार पलट गया। पलटने के बाद कार में लगी सीएनजी किट में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

हादसे के समय लखनऊ के गोमती नगर निवासी प्रतीक सिंह (37), पुत्र वीके सिंह, अपनी कार से गोरखपुर से लखनऊ की ओर जा रहे थे। दुर्घटना को अपनी आंखों के सामने देखकर सड़क किनारे टहल रहे सहगिया निवासी मुन्नू सिंह ने बिना देर किए साहस का परिचय दिया। उन्होंने तुरंत दौड़कर जलती कार का शीशा तोड़ा और चालक प्रतीक सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा और मार्ग को वन-वे कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीआईडीए की टीम मौके पर पहुंची। घायल प्रतीक सिंह को यूपीआईडीए की एंबुलेंस से तत्काल दोस्तपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉ. हेमंत वर्मा ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, उन्हें हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

घटना की जानकारी मिलते ही सब-इंस्पेक्टर मोहनलाल पटेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। वहीं, घटनास्थल पर कस्बा इंचार्ज अनूप सिंह, कांस्टेबल मोहित आनंद सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और यूपीआईडीए के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।