बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ, जाह्नवी कपूर और लक्ष्य स्टारर आगामी फिल्म 'लग जा गले' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही यह फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि धर्मा प्रोडक्शंस ने इस एक्शन एंटरटेनर को समर 2027 में रिलीज करने का फैसला किया है। फिल्म का निर्देशन राज मेहता कर रहे हैं।
तरण आदर्श ने अपने पोस्ट में लिखा, "टाइगर श्रॉफ, जाह्नवी कपूर और लक्ष्य अभिनीत 'लग जा गले' की रिलीज डेट फाइनल हो गई है। धर्मा प्रोडक्शंस की यह फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह एक दमदार एक्शन एंटरटेनर है, जिसका निर्देशन राज मेहता कर रहे हैं।" फिल्म में पहली बार टाइगर श्रॉफ, जाह्नवी कपूर और लक्ष्य की तिकड़ी बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता देखी जा रही है।
वहीं, जाह्नवी कपूर की हालिया रिलीज फिल्म 'पेड्डी' बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इस फिल्म में उनके साथ साउथ सुपरस्टार राम चरण मुख्य भूमिका में नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन बुच्ची बाबू सना ने किया है। दूसरी ओर, धर्मा प्रोडक्शंस की हालिया फिल्म 'चांद मेरा दिल' थी, जिसमें लक्ष्य और अनन्या पांडे मुख्य भूमिकाओं में नजर आए। विवेक सोनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रेम, भावनाओं और रिश्तों के उतार-चढ़ाव को दिखाया गया है। फिल्म 22 मई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
टाइगर श्रॉफ की बात करें तो वह आखिरी बार फिल्म 'बागी 4' में नजर आए थे। ए. हर्षा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संजय दत्त भी अहम भूमिका में थे। फिल्म पिछले साल रिलीज हुई थी। अब 'लग जा गले' के जरिए टाइगर श्रॉफ, जाह्नवी कपूर और लक्ष्य की नई जोड़ी दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। फिल्म के एक्शन और स्टारकास्ट को लेकर फैंस के बीच अभी से काफी चर्चा शुरू हो गई है।