Breaking News

मथुरा: बांके बिहारी मंदिर के पास गली में मकान का छज्जा गिरा, पांच लोग घायल     |   जयपुर की पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 7 लोगों की मौत     |   मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द     |   विदेश मंत्री जयशंकर 10 से 11 जून तक बुल्गारिया और फिनलैंड के दौरे पर होंगे     |   ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची CID टीम     |  

सोमवती अमावस्या पर जम्मू-हरिद्वार के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, केंद्र सरकार ने मंजूर की मांग

केंद्र सरकार ने 14 और 15 जून को पड़ने वाली सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जम्मू और हरिद्वार के बीच विशेष ट्रेन चलाने की मांग को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। यह मांग जम्मू-कश्मीर भाजपा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य और स्वच्छ भारत अभियान के प्रभारी प्रेम नाथ डोगरा द्वारा उठाई गई थी। उन्होंने सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में स्नान और पूजा-अर्चना के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष ट्रेन चलाने का अनुरोध किया था।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस मांग को स्वीकार किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि कठुआ, हीरानगर और जम्मू क्षेत्र के लोगों के लिए यह अच्छी खबर है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अमावस्या के अवसर पर जम्मू-हरिद्वार विशेष ट्रेन चलाने की मांग को स्वीकार किया है।

जितेंद्र सिंह ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में क्षेत्र की ऐसी कोई मांग नहीं रही, जिस पर सकारात्मक विचार न किया गया हो। इसी महीने की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर इस विशेष ट्रेन के संचालन का अनुरोध किया था। पत्र में उन्होंने प्रेम नाथ डोगरा की मांग का उल्लेख करते हुए कहा था कि 14 जून 2026 को जम्मू से हरिद्वार और 15 जून 2026 को हरिद्वार से जम्मू के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाए, ताकि स्थानीय श्रद्धालु सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार पहुंच सकें।

भारतीय रेलवे समय-समय पर त्योहारों और धार्मिक अवसरों पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन करता है। इससे श्रद्धालुओं और यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलती है। सोमवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से गुजरात के सोमनाथ के लिए एक विशेष ट्रेन को रवाना किया था, जिसमें 1,100 से अधिक श्रद्धालु यात्रा पर निकले। इस दौरान उन्होंने कहा था कि तीर्थ यात्राएं सामाजिक समरसता को मजबूत करने और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।