Breaking News

ईरान से बन गई बात, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारत आएंगे दो टैंकर     |   लेबनान पर इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 773 हुई     |   ईरान तनाव के बीच अमेरिका का बड़ा कदम, 2500 मरीन सैनिक मिडिल ईस्ट भेजे जाएंगे     |   अफगान-तालिबान फोर्सेज ने देर शाम भी पाकिस्तान पर हमला किया, आर्मी के ठिकानों को बनाया निशाना     |   जंग की वजह से हवाई सफर भी महंगा, IndiGo ने 2300 रुपये तक बढ़ा दिया सरचार्ज     |  

प्रो कबड्डी लीग 12: नितिन पंवार ने गुजरात जायंट्स को दिलाई सीजन की पहली जीत

प्रो कबड्डी लीग 2025 में गुजरात जायंट्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए तमिल थलाइवाज को 37-28 से हराया। राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए इस मैच में गुजरात ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और सीजन की पहली जीत अपने नाम की। मैच में थलाइवाज ने कई बार वापसी की कोशिश की, लेकिन गुजरात के रेडर्स और डिफेंडर्स ने लगातार अंक जुटाकर विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। नितिन पंवार और राकेश सुंगरॉय के शानदार खेल ने गुजरात को निर्णायक बढ़त दिलाई। मैच की शुरुआत से ही गुजरात जायंट्स ने बढ़त बनाई। शुरुआती पांच मिनट के बाद स्कोर 7-6 रहा और इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे अंतर बढ़ाया। दस मिनट के खेल के बाद गुजरात 10-7 से आगे थी।

हाफ टाइम तक गुजरात ने 18-12 की मजबूत बढ़त बना ली थी। इस दौरान नितिन पंवार और मोहम्मदरेजा शदलूई ने डिफेंस में शानदार टैकल किए। वहीं राकेश सुंगरॉय ने रेडिंग से लगातार अंक जुटाए। दूसरे हाफ की शुरुआत में तमिल थलाइवाज ने आक्रामक खेल दिखाया। कप्तान पवन सेहरावत और अर्जुन देशवाल ने रेड से अंक जुटाए और टीम ने स्कोर को 21-24 तक पहुंचाया। इस दौरान नितेश कुमार ने डिफेंस से चार अंक लेकर मुकाबले को रोमांचक बनाया।

हालांकि थलाइवाज की यह कोशिश ज्यादा देर तक सफल नहीं रही। गुजरात ने तुरंत दबाव बनाया और अपने रेडर्स व डिफेंस की मदद से बढ़त फिर से मजबूत कर ली। गुजरात जायंट्स की ओर से नितिन पंवार ने ऑलराउंड खेल दिखाया और 8 अंक हासिल किए। राकेश सुंगरॉय ने 6 अंक जुटाए जबकि शदलूई और श्रीधर आनंदा कदम ने भी 6-6 अंक अर्जित किए। डिफेंस में लकी शर्मा और हर्षित कदम ने अहम टैकल किए, जिससे थलाइवाज की वापसी रुक गई।

पूरे मैच में गुजरात को 15 टैकल प्वाइंट्स मिले जबकि तमिल को केवल 10 अंक ही मिल सके। इसी डिफेंसिव अंतर ने मैच का नतीजा तय किया। यह जीत गुजरात जायंट्स के लिए बेहद खास रही। लगातार संघर्ष कर रही टीम के लिए यह सफलता आत्मविश्वास बढ़ाने वाली है।रेडिंग और डिफेंस दोनों विभागों में टीम का संतुलित खेल देखने को मिला।