सिहोरा तहसील में गुरुवार रात करीब नौ बजे आपसी विवाद के बाद दो पक्ष भिड़ गए। एक धार्मिक स्थल के बाहर लगी रेलिंग टूटने से लोग आक्रोशित हो गए। इससे दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। इसमें कुछ लोगों के आंशिक घायल होने की सूचना है। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
तनाव को देखते हुए मौके पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय पहुंचे। अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हालात नियंत्रण का दावा करते हुए जांच के बाद मामला दर्ज करने की बात कही है। घटना सिहोरा के वार्ड क्रमांक पांच के आजाद चौक की है। जहां पर दुर्गा मंदिर और मस्जिद आमने-सामने है। रात को करीब नौ बजे मंदिर में आरती हो रही थी। उसी समय कुछ लोग मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे। तभी दोनों समुदाय के युवकों के बीच में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
कुछ लोगों ने नारेबाजी कर वातावरण दूषित करने का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक ने दुर्गा मंदिर की ग्रिल को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। यह देखकर हिंदू युवक भड़क गए। उनके बीच मारपीट होने लगी। कुछ ही देर में मुस्लिम समाज के कई युवक आए और मंदिर परिसर में घुसने लगे।इसके बाद विवाद ने उग्र रूप ले लिया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस बीच मुस्लिम पक्ष ने पथराव कर दिया। लगभग 10 मिनट तक हंगामा होता रहा। अचानक हुए पथराव और हमले से भगदड़ की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची।
उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए अश्रु गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। उसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में बड़ी संख्या में बल तैनात किया गया है। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई- घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। जबलपुर से अतिरिक्त पुलिस बलाकर तैनात किया गया है। स्थिति पर नियंत्रण पाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। तनाव के बीच लोगों से रात को घरों में रहने का आग्रह किया गया। शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
सिहोरा का यह घटनास्थल संवेदनशील माना जाता है। यहां दोनों समुदाय के लोग रहते हैं। पूर्व में भी यहां दोनों समुदाय के बीच टकराव होता रहा है। पुलिस ने घटना के कारण की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गाने बजाने को लेकर कहासुनी की बात सामने आई है। हालांकि कारण को लेकर पुलिस ने अभी किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी है।