बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों अपनी ऐतिहासिक ‘सनातन हिंदू एकता पदयात्रा’पर हैं। यह पदयात्रा दिल्ली से वृंदावन तक निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरण, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश देना है।
इस यात्रा को हर वर्ग और समुदाय के लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है। यात्रा के दौरान लोग बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं और ‘जय श्री राम’, ‘हर हर महादेव’ और ‘सनातन धर्म अमर रहे’ जैसे जयकारों से वातावरण गूंज रहा है। यात्रा में अब तक कई जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हो चुकी हैं। भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन और पूर्व रेसलर व WWE स्टार ग्रेट खली भी इस पदयात्रा में भाग लेकर बागेश्वर धाम सरकार के प्रति आस्था और सनातन धर्म के प्रति अपना समर्थन जता चुके हैं।
10 नवंबर को यह पदयात्रा पृथला के बाघोला अडानी पेट्रोल पंप से प्रारंभ होकर पलवल के गवर्नमेंट हाई स्कूल तक पहुंची। इस दौरान जगह-जगह भक्तों और स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भव्य स्वागत किया। यात्रा में महिला, युवा, साधु-संत और बुजुर्ग सभी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।