उत्तर प्रदेश को तीन अमृत भारत सुपरफास्ट ट्रेनों की सौगात मिलने जा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी 18 जुलाई बिहार के मोतिहारी की जनसभा से तीनों अमृत भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। तीन में से एक ट्रेन का संचालन पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से उत्तर प्रदेश के गोमती नगर तक होगा। तीन में से एक ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और वाराणसी कैंट स्टेशन से होकर गुजरेगी। वहीं, दो ट्रेनें गोरखपुर होकर जाएंगी। इन ट्रेनों से पूर्वांचल और बिहार के लाखों यात्रियों को फायदा मिलेगा।
रेलवे की यह नई पहल ‘वंदे भारत’ के बाद आम जनता के लिए गैर वातानुकूलित (नॉन-एसी) लेकिन सुविधायुक्त ट्रेनों की बड़ी सौगात मानी जा रही है। अमृत भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस खासतौर पर मध्यम और निम्न आय वर्ग के यात्रियों के लिए डिजाइन की गई है, जिसमें स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं। इसका किराया भी काफी कम रखा गया है। डब्ल्यूएपी-5 श्रेणी के दो इंजन लगाने के बाद भी इस ट्रेन की औसत गति 42.77 किलोमीटर से 46. 47 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।
मालदा टाउन से अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन हर गुरुवार को शाम 7:25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन शुक्रवार को दोपहर 3:40 बजे गोमतीनगर स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में अमृत भारत एक्सप्रेस गोमतीनगर से प्रत्येक शुक्रवार शाम 6:40 बजे खुलेगी। इसके अगले दिन मालदा टाउन शाम 4:40 बजे पहुंचने की संभावना है। इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल की 22 बोगियां होंगी। इसमें दो इंजन लगे रहेंगे।
ट्रेन का ठहराव न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुलतानगंज, जमालपुर, अभयपुर, कुईल, शेखपुर, नवादा, तिलैया, गया, डेहरी आन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, जौनपुर, शाहगंज, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट स्टेशनों पर होगा। नई दिल्ली के लिए बिहार की राजधानी पटना से यह एक और ट्रेन होगी। इसमें तमाम सुविधाएं दी जाएंगी। यह ट्रेन राजेंद्रनगर टर्मिनल से सुबह 11:45 बजे खुलेगी। पटना जंक्शन 12 बजे, दानापुर 12:30, आरा 13:15 और बक्सर 14:10 बजे पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश में डीडीयू जंक्शन पर 15:40 बजे ट्रेन पहुंचेगी। यहां से सुबेदारगंज 18:15 बजे, गोविंदपुरी 20:40 बजे और गाजियाबाद 2:40 बजे होते हुए नई दिल्ली अगले दिन सुबह 4 बजे पहुंचेगी। इस तरह करीब 15 घंटे 45 मिनट में यह ट्रेन पटना से नई दिल्ली पहुंचेगी। 31 जुलाई से इसका नियमित परिचालन शुरू होगा।
वापसी में गाड़ी संख्या 22362 नई दिल्ली-राजेंद्रनगर अमृत भारत एक्सप्रेस 1 अगस्त से रोजाना नई दिल्ली से 19:10 बजे खुलकर 19:46 बजे गाजियाबाद, अगले दिन 00:25 बजे गोविंदपुरी, 3:00 बजे सूबेदारगंज, 7:40 बजे डीडीयू, 8:58 बजे बक्सर, 9:55 बजे आरा, 10:28 बजे दानापुर, 10:50 बजे पटना रुकते हुए 11:45 बजे राजेंद्रनगर टर्मिनल पहुंचेगी।
यह ट्रेन दरभंगा से चलकर सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा, कप्तानगंज, गोरखपुर, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट से होते हुए गोमतीनगर पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 15561 दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को दोपहर 15:00 बजे दरभंगा से रवाना होकर रविवार सुबह 5:35 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15562 अमृत भारत एक्सप्रेस गोमतीनगर से प्रत्येक रविवार सुबह 8:15 बजे चलकर रात 12:35 बजे दरभंगा पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव अयोध्या कैंट, अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, हरीनगर, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, घोरासन, बैरंगिया, जनकपुर रोड और कमतौल स्टेशनों पर होगा।