मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की मास्टर कॉलोनी में ठेके पर चल रही एक राशन एजेंसी पर ठेकेदारों की दबंगई सामने आई है। आरोप है कि राशन लेने पहुंची एक महिला से न केवल बदसलूकी की गई, बल्कि विरोध करने पर ठेकेदारों ने अपने साथियों के साथ महिला के परिवार पर हमला कर दिया।हमले में परिवार के कई लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। पीड़ित परिवार ने थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपी ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित सुनील वर्मा की पत्नी नेहा वर्मा वार्ड-62 में प्रमोद नाम से पंजीकृत राशन एजेंसी पर राशन लेने गई थीं। ये एजेंसी ठेके पर अमन और दीपांशु नामक युवक चला रहे हैं। आरोप है कि चार घंटे लाइन में खड़े रहने के बाद जब नेहा वर्मा नाम की महिला बारी आई, तो दोनों युवकों ने बिना कारण बताए उन्हें राशन देने से इनकार कर दिया।
नेहा के विरोध करने पर दीपांशु ने उनसे गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। नेहा ने घर आकर परिजनों को ये बात बताई। इसके कुछ देर बाद ही आरोपी अमन और दीपांशु अपने करीब दर्जनभर साथियों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए। वही दबंगों ने घर में घुसकर नेहा, उसके पति सुनील, जेठ अनिल और जेठानी पूनम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हमले में गंभीर रूप से घायल पूनम को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
आरोप है कि ये एजेंसी ठेके पर ली गई है और लगातार ठेकेदार मनमानी करते है। कार्डधारकों पर जबरन चावल खरीदने का दबाव बनाया जाता है। पीड़ित परिवार ने अमन, दीपांशु और उनके साथियों के खिलाफ ब्रह्मपुरी थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार ने न्याय की मांग की है । एसपी सिटी ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है ।