राज्य सरकार के सफल 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जयपुर स्थित जवाहर कला केंद्र में भव्य राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए नवाचारों, योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन के समक्ष प्रस्तुत करना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचकर विभागवार लगाई गई प्रदर्शनियों का गहन अवलोकन किया। प्रत्येक विभाग ने अपनी-अपनी थीम आधारित स्टॉल लगाकर योजनाओं की प्रगति, तकनीकी नवाचारों और जनहितकारी कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की।
प्रदर्शनी के दौरान विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं आल्हा अधिकारी स्वयं मुख्यमंत्री को अपने-अपने विभाग की योजनाओं, सुधारात्मक प्रयासों और नवाचारों का प्रेजेंटेशन दे रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि किस प्रकार शासन की नीतियों को धरातल पर उतारकर आमजन तक लाभ पहुंचाया गया है।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विभागीय अधिकारियों से संवाद करते हुए योजनाओं के प्रभाव, पारदर्शिता और जनसरोकार से जुड़े पहलुओं पर जानकारी ली। उन्होंने नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता है और ऐसे आयोजनों से सरकारी कार्यों का प्रत्यक्ष मूल्यांकन संभव होता है।
राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऊर्जा, पंचायती राज, शहरी विकास, महिला एवं बाल विकास सहित अनेक विभागों की उपलब्धियां प्रदर्शित की गई हैं। यह प्रदर्शनी न केवल सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर रही है, बल्कि विकसित राजस्थान के विज़न को भी सशक्त रूप से सामने ला रही है।