प्रियंका चोपड़ा, जो करीब 25 सालों से फिल्मों में काम कर रही हैं, अब सिर्फ बॉलीवुड की एक्ट्रेस नहीं रहीं, बल्कि एक इंटरनेशनल स्टार बन चुकी हैं। हिंदी फिल्मों में अपनी बेहतरीन एक्टिंग दिखाने के बाद उन्होंने हॉलीवुड का रुख किया और वहां भी खूब नाम कमाया। अब उनकी गिनती दुनिया की मशहूर एक्ट्रेसेज में होती है। प्रियंका ने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया है। लंबे समय के बाद वह फिर से एक भारतीय फिल्म में नजर आने वाली हैं। उनकी अगली फिल्म एसएसएमबी 29 (SSMB 29) की अनाउंसमेंट के बाद से ही उनके फैन्स बहुत एक्साइटेड हैं और उन्हें बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच उनकी एक और नई फिल्म की भी घोषणा हो गई है, जिससे फैन्स की खुशी और भी बढ़ गई है।
प्रियंका चोपड़ा की नई फिल्म का एलान
जी हां, एसएसएमबी 29 के साथ-साथ प्रियंका चोपड़ा की एक और नई फिल्म की घोषणा हो गई है। यह फिल्म हॉलीवुड की है और एक कॉमेडी मूवी होगी। इस फिल्म को डायरेक्टर निकोलस स्टोलर बना रहे हैं, और इसमें प्रियंका एक बार फिर हॉलीवुड एक्टर जैक एफ्रॉन (Jack Efron) के साथ नजर आएंगी। अमेजन एमजीएम स्टूडियो के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म में प्रियंका और जैक के साथ-साथ माइकल पेना, रेजिना हॉल, जिमी टैट्रो, बिली आइचनर और विल फेरेल जैसे मशहूर कलाकार भी अहम किरदार निभाएंगे। देसी गर्ल के फैंस के लिए ये एक और बड़ी खुशखबरी है।
प्रियंका चोपड़ा ने दी नई फिल्म की जानकारी
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी अपकमिंग हॉलीवुड फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर एक आर्टिकल शेयर किया है, जिससे उन्होंने फैन्स को ये खुशखबरी दी है। इस फिल्म की स्क्रिप्ट खुद डायरेक्टर निकोलस स्टोलर ने लिखी है और वही इसे डायरेक्ट भी करेंगे।
क्या होगी फिल्म की कहानी?
इस फिल्म का नाम पहले 'जजमेंट डे' रखा गया था। फिल्म की कहानी एक युवा अपराधी के इर्द-गिर्द घूमती है जो जेल से छूटने के बाद एक टीवी कोर्टरूम शो को बंधक बना लेता है। उसे लगता है कि उसकी जिंदगी उस जज के फैसले की वजह से बर्बाद हो गई है। फिल्म में जज का किरदार विल फेरेल निभा रहे हैं और अपराधी का रोल जैक एफ्रॉन करेंगे। हालांकि, अभी तक प्रियंका चोपड़ा और माइकल पेना के किरदारों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रियंका चोपड़ा की भारतीय फिल्मों में वापसी
करीब 6 साल बाद प्रियंका चोपड़ा फिर से भारतीय फिल्मों में वापसी कर रही हैं। वह मशहूर डायरेक्टर एस.एस. राजामौली की अगली फिल्म एसएसएमबी 29 में नजर आएंगी। इस फिल्म में वह पहली बार साउथ सुपरस्टार महेश बाबू के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। इसके अलावा फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी एक अहम किरदार निभा रहे हैं। फिलहाल फिल्म की शूटिंग चल रही है। अभी तक ना तो फिल्म की रिलीज डेट सामने आई है और ना ही स्टार कास्ट का पहला लुक जारी किया गया है।