बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को बुधवार सुबह दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और अब वे घर पर ही स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करेंगे। धर्मेंद्र (89) को थोड़े दिन पहले कुछ जांचों के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बुधवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई। उनके परिवार ने एक बयान जारी कर ‘‘निजता का सम्मान’’ करने का आग्रह किया है। उनके बेटे सनी देओल के जनसंपर्क प्रतिनिधि ने एक बयान में कहा, ‘‘धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वह घर पर ही स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करेंगे। हम मीडिया और आम जनता से अनुरोध करते हैं कि वे आगे कोई भी कयास लगाने से बचें और इस दौरान उनकी और उनके परिवार की निजता का सम्मान करें।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘हम उनके स्वस्थ होने, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए सभी के प्यार, प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं पर आभार जताते हैं। कृपया उनका सम्मान करें क्योंकि वे आपसे प्यार करते हैं।’’ अभिनेता का इलाज कर रहे ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉ. प्रतीत समदानी ने भी उन्हें छुट्टी दिए जाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ‘‘धर्मेंद्र जी को सुबह करीब साढ़े सात बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परिवार ने उनका घर पर ही उपचार कराने का फैसला किया है।’’
अभिनेता के स्वास्थ्य के बारे में पूछे जाने पर डॉ. समदानी ने कहा कि वे केवल इतना कह सकते हैं कि धर्मेंद्र जी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एक एंबुलेंस को अस्पताल से धर्मेंद्र के बड़े बेटे सनी देओल के उपनगरीय जुहू स्थित आवास के लिए रवाना होते देखा गया। मंगलवार को कई मीडिया संस्थानों ने धर्मेंद्र की मौत की खबर जारी कर दी थी लेकिन परिवार ने इसका खंडन किया और निजता बनाए रखने का आग्रह किया।
अभिनेता की बेटी ईशा देओल ने मंगलवार को ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘लगता है कि मीडिया जरूरत से ज्यादा सक्रियता दिखा रहा है और झूठी खबरें फैला रहा है। मेरे पिता की हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि हमारे परिवार की निजता का सम्मान करें। पापा के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद।’’
अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने भी अपने पति धर्मेंद्र के स्वास्थ्य के बारे में ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ मीडिया कवरेज की मंगलवार को आलोचना की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जो कुछ हो रहा है, वह अक्षम्य है! जिम्मेदार चैनल ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबर कैसे फैला सकते हैं जिसे इलाज से लाभ हो रहा है और जिसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है? यह बेहद अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना है। कृपया परिवार और उसकी निजता की जरूरत का पूरा सम्मान करें।’’ शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान सहित कई बॉलीवुड हस्तियां अस्पताल में धर्मेंद्र से मिलने पहुंची थीं।
Dharmendra Discharge: एक्टर धर्मेंद्र को अस्पताल से मिली छुट्टी, स्वस्थ होकर लौटे घर
You may also like
NIA ने पहलगाम आतंकी हमले के मामले में LeT/TRF और 6 अन्य आरोपियों के खिलाफ की चार्जशीट दायर.
अटल जयंती पर लखनऊ में भव्य आयोजन की तैयारी, PM मोदी राष्ट्र प्रेरणा स्थल का करेंगे उद्घाटन.
सल्ट पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 29 किलो अवैध गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार.
Stock Market: विदेशी कोषों की निकासी, रुपये में कमजोरी से सेंसेक्स 54 अंक फिसला.