Breaking News

ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची CID टीम     |   दिल्ली में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी     |   शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पहुंचे NTA दफ्तर     |   पटना: शशि भूषण ने लालू परिवार की सुरक्षा पर सवाल उठाए     |   जयपुर: पटाखा फैक्ट्री में लगी आग, 3 लोगों की मौत, कई घायल     |  

PM मोदी के नेतृत्व में NDA सरकार के 12 साल पूरे, दिल्ली में प्रदर्शनी का नितिन नवीन ने किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान किए गए कार्यों, उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।

नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि 12 वर्ष पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेकर सेवा, सुशासन और जनकल्याण पर आधारित एक नए युग की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री बनने की दिशा में अग्रसर हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, किसान समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल परिवर्तन और बुनियादी ढांचे के अभूतपूर्व विकास को नई गति मिली है। नितिन नबीन ने कहा कि इस परिवर्तनकारी यात्रा के केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी की ‘प्रधान सेवक’ की भावना और राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता रही है।

उन्होंने कहा कि इसी प्रेरणा से भाजपा और उसके कार्यकर्ता ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रदर्शनी देखने पहुंचे लोगों ने भी केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास और जनकल्याण का दौर बताया। आगंतुक अभिषेक पटेल ने कहा कि जनता के विश्वास के कारण भाजपा लगातार तीसरी बार केंद्र की सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर क्षेत्र में विकास किया है और देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्टार्टअप्स, उद्यमिता और ऋण योजनाओं को बढ़ावा दिया है।

वहीं, आकांक्षा चतुर्वेदी ने कहा कि यह केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत के विकास और जनकल्याण से जुड़ी उन उपलब्धियों का प्रदर्शन है, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हासिल किया गया है। एक अन्य आगंतुक शाश्वत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नई दिशा मिली है, महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है तथा समाज में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर संदेश साझा करते हुए कहा कि उनकी सरकार के पिछले 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ सरकार ने युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों का ही परिणाम है कि आज भारत ने बुनियादी ढांचे से लेकर डिजिटल क्रांति तक वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के इसी मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।