राजधानी दिल्ली में सुबह सुबह गोलियों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए. इस दौरान दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर हाशिम बाबा गिरोह से जुड़े एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान आमिर उर्फ सलीम के रूप में हुई है, जो पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था और हत्या के एक मामले में आरोपी है. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया.
क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव यादव की निगरानी में इंस्पेक्टर मान और इंस्पेक्टर सुंदर गौतम की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आमिर शास्त्री पार्क मेट्रो डिपो के पास आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी. दिल्ली पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 10.48 बजे मुखबिर के इशारे पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया. खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने अपनी पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर निशाना साधते हुए फायरिंग कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया. जवाबी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मनोज ने आत्मरक्षा में आरोपी के पैरों को निशाना बनाकर गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी. इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया.
पूछताछ में आरोपी की पहचान आमिर उर्फ सलीम के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार वह दो साल पहले दिवाली की रात हुई दोहरे हत्याकांड में वांछित था. आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घर के बाहर दिवाली मना रहे चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी.
क्राइम ब्रांच का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसके गैंगस्टर हाशिम बाबा गिरोह से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार बरामद कर लिए है और मामले में आगे की पड़ताल जारी है. दिल्ली पुलिस इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है, क्योंकि आरोपी लंबे समय से कानून की पकड़ से दूर था और उसकी तलाश पुलिस तलाश कर रही थी.