Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

दिल्ली अग्निशमन सेवा में होंगे 2,345 नए पद सृजित, 84 साल बाद पहली बार बड़े स्तर पर कैडर का पुनर्गठन

दिल्ली में आगजनी और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहल पर दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) में विभिन्न श्रेणियों के 2,345 अतिरिक्त पद सृजित किए जाएंगे। वर्ष 1942 में विभाग की स्थापना के बाद यह पहली बार है, जब इतने व्यापक स्तर पर कैडर का पुनर्गठन किया जा रहा है।

इस फैसले के बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा में स्वीकृत पदों की कुल संख्या 3,096 से बढ़कर 5,441 हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी के नागरिकों की सुरक्षा और आपात स्थितियों में लोगों की जान बचाने के लिए अग्निशमन विभाग को मौजूदा जरूरतों के अनुरूप संसाधनों और कर्मचारियों से लैस करना आवश्यक है।

वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जमीनी कर्मचारियों तक बढ़ेंगे पद

कैडर पुनर्गठन के तहत उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी, मंडल अधिकारी, सहायक मंडल अधिकारी, स्टेशन अधिकारी, उप अधिकारी, अग्रणी अग्निशामक, अग्नि ऑपरेटर, चपरासी और माली समेत विभिन्न पदों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

इससे विभाग के उच्चस्तरीय पर्यवेक्षण से लेकर मौके पर राहत और बचाव कार्यों में जुटे कर्मचारियों की उपलब्धता बेहतर होगी। साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने, अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार ने बढ़ाई चुनौतियां

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में तेजी से बढ़ती जनसंख्या, नए शहरी क्षेत्रों का विस्तार, घनी आबादी वाली बस्तियां, ऊंची इमारतें, औद्योगिक इकाइयां और जटिल बुनियादी ढांचा अग्निशमन सेवाओं के सामने नई चुनौतियां पेश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आग लगने या किसी अन्य आपदा के समय हर मिनट कीमती होता है। ऐसी परिस्थितियों में प्रशिक्षित कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या, प्रभावी नेतृत्व और तत्काल प्रतिक्रिया देने की क्षमता लोगों की जान और संपत्ति बचाने में अहम होती है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, दिल्ली जैसे बड़े महानगर में अग्निशमन विभाग की जिम्मेदारी सिर्फ आग बुझाने तक सीमित नहीं है। दुर्घटनाओं, विभिन्न आपातकालीन घटनाओं और राहत-बचाव अभियानों में भी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसलिए हर स्तर पर पर्याप्त कर्मचारी और मजबूत कमान व्यवस्था जरूरी है।

उन्होंने कहा कि 2,345 नए पदों का सृजन महज कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का फैसला नहीं है, बल्कि यह राजधानी की जनसुरक्षा, विभागीय क्षमता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया निवेश है।

गृह मंत्री आशीष सूद ने बताया महत्वपूर्ण कदम

दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि लंबे समय से जरूरी माने जा रहे इस कैडर पुनर्गठन से अग्निशमन सेवा को मजबूत संस्थागत ढांचा मिलेगा। इससे विभाग अपनी अग्निशमन और आपातकालीन जिम्मेदारियों को पहले से अधिक प्रभावी तरीके से निभा सकेगा।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। दिल्ली में बदलते शहरी स्वरूप और आग से जुड़े जोखिमों को देखते हुए विभाग के पास पर्याप्त कर्मचारी, बेहतर निगरानी व्यवस्था और हर तरह की चुनौती से निपटने की क्षमता होनी चाहिए।

आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहल पर लिया गया यह निर्णय दिल्ली को अधिक सुरक्षित, आपदाओं से निपटने में सक्षम और नागरिकों के प्रति जवाबदेह राजधानी बनाने की दिशा में अहम साबित होगा।

बॉक्स: चार केंद्रों से 71 अग्निशमन केंद्रों तक पहुंचा विभाग

दिल्ली अग्निशमन सेवा की शुरुआत वर्ष 1942 में हुई थी। उस समय विभाग के पास महज चार अग्निशमन केंद्र, 14 अग्निशमन वाहन एवं उपकरण और 186 कर्मचारी थे। वर्ष 1970 तक केंद्रों की संख्या बढ़कर 14 हो गई थी।

आज विभाग का नेटवर्क मुख्यालय और प्रशिक्षण केंद्रों समेत कुल 71 अग्निशमन केंद्रों तक फैल चुका है। इसका कार्यक्षेत्र करीब 1,484 वर्ग किलोमीटर में विस्तृत है।

राजधानी की आबादी और शहरी क्षेत्र में लगातार वृद्धि के साथ अग्नि सुरक्षा तथा आपातकालीन सेवाओं की जरूरतें भी बढ़ी हैं। ऐसे में स्थापना के 84 साल बाद पहली बार इतने बड़े पैमाने पर कैडर का पुनर्गठन किया जा रहा है। नए पदों की मंजूरी से विभाग के संगठनात्मक ढांचे और मानव संसाधन क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।