दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी सरकार के कई अहम फैसलों और योजनाओं की जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजधानी दिल्ली में कोई भी स्कूल अपनी मर्जी से फीस नहीं बढ़ा सकता। उन्होंने कहा कि स्कूल फीस वृद्धि पर सख्त नियंत्रण रखा जा रहा है, ताकि अभिभावकों पर आर्थिक बोझ न पड़े और बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में पहले ऑर्गन डोनेशन के लिए कोई व्यवस्थित प्लेटफॉर्म मौजूद नहीं था। सरकार बनने के बाद दिल्ली में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (SOTTO) का गठन किया गया है, जिसके जरिए ऑर्गन डोनेशन की प्रक्रिया को पूरी तरह सिस्टमैटिक और पारदर्शी बनाया गया है।
रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि सरकार ने राजधानी में 100 अटल कैंटीन बनाने का वादा किया था। अब तक 45 अटल कैंटीन बनकर तैयार हो चुकी हैं और शेष 55 कैंटीन भी जल्द ही रेखा गुप्ता सरकार द्वारा बनाई जाएंगी, जिससे जरूरतमंद लोगों को सस्ता और पौष्टिक भोजन मिल सकेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों के लिए एक नई योजना की भी घोषणा की है। इस योजना के तहत दिल्ली में दिव्यांग लोगों को ₹6000 की मासिक वित्तीय सहायता दी जाएगी, ताकि उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं पर काम जारी रहेगा।