Breaking News

पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी, अभिषेक और कल्याण इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होंगे     |   पश्चिम बंगाल: ममता बनर्जी ने सायोनी घोष को यूथ TMC का अध्यक्ष नियुक्त किया     |   WB: ऋतब्रत बनर्जी को नेता विपक्ष बनाने पर स्पीकर के फैसले के खिलाफ HC जाएगी TMC     |   CBSE पोर्टल पर साइबर अटैक मामले में शिकायत मिलने पर दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की     |   दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड: MCD ने फ्लोरिश इन गेस्ट हाउस को सील किया     |  

यशस्वी और शेफाली बढ़ी मुश्किलें, डोप टेस्ट में अनुपस्थित रहने पर नाडा ने जारी किया नोटिस

Dope Test: भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा को पिछले साल निर्धारित डोप परीक्षण के लिए उपलब्ध न होने के कारण राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने नोटिस जारी किया है। विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि नाडा के पंजीकृत परीक्षण पूल (आरटीपी) का हिस्सा रहे दोनों खिलाड़ियों ने परीक्षण के लिए उपलब्ध नहीं रहने के कारण नहीं बताए हैं। इस कारण उन्हें नोटिस जारी किए गए।

एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया, ‘‘संबंधित खिलाड़ियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और इसकी सूचना राष्ट्रीय महासंघ (बीसीसीआई) और आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) को भी दे दी गई है।’’ नाडा ने हालांकि गोपनीयता का हवाला देते हुए इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने संपर्क करने पर इसकी पुष्टि की।

सूत्र ने कहा, ‘‘हमें नाडा से छूटे हुए परीक्षणों के बारे में सूचना मिली है। हम पता लगाएंगे कि ऐसा कैसे हुआ। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए हम जरूरी उपाय करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी हो गई है और हमें सभी प्रोटोकॉल का पालन करना होगा ताकि सब कुछ सुचारू रूप से आगे बढ़े।’’

क्रिकेट को 2028 में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में शामिल किया गया है। यशस्वी फिलहाल आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रही हैं, जबकि शेफाली उस भारतीय महिला टीम का हिस्सा थीं जिसने हाल ही में सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था।

आरटीपी में शामिल खिलाड़ियों को डोपिंग रोधी एजेंसी के साथ अपने ठिकाने की जानकारी साझा करनी होती है और प्रतिदिन किसी तय की गई समय सीमा में परीक्षण के लिए उपलब्ध रहना होता है। तीन बार टेस्ट न देना डोपिंग का उल्लंघन माना जाता है और इसके कारण खिलाड़ी को निलंबित भी किया जा सकता है।

अभी नाडा की आरटीपी सूची में 348 खिलाड़ी शामिल हैं जिनमें 13 क्रिकेटर हैं। भारत के टी20 टीम के धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ऑलराउंडर अक्षर पटेल को हाल में ही इस सूची में शामिल किया गया था।

उन्होंने स्मृति मंधाना और श्रेयस अय्यर की जगह ली है। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा भी इस सूची में शामिल हैं।

पिछले साल वनडे विश्व कप जीतने वाली महिला टीम से ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, शेफाली और रेणुका सिंह ठाकुर को इस सूची में रखा गया है।