प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक कथित अवैध सट्टेबाजी साइट के संचालन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत पूर्व क्रिकेटरों सुरेश रैना और शिखर धवन की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। 1xBet नाम की ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट के खिलाफ मामले में प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत धवन की 4.5 करोड़ रुपये की एक अचल संपत्ति और रैना के 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड को अटैच करने का एक प्रोविजनल आदेश जारी किया गया है।
केंद्रीय एजेंसी की जांच में पाया गया है कि दोनों पूर्व क्रिकेटरों ने 1xBet और उसके सरोगेट्स के प्रमोशन के लिए विदेशी कंपनियों के साथ "जानबूझकर" एंडोर्समेंट एग्रीमेंट किए थे। इस जांच के तहत ED ने इन दोनों के अलावा युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा जैसे अन्य पूर्व क्रिकेटरों, एक्टर सोनू सूद, उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती (पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसद) और अंकुश हाजरा (बंगाली एक्टर) से भी पूछताछ की है। कुराकाओ में रजिस्टर्ड 1xBet पोर्टल का कहना है कि यह सट्टेबाजी इंडस्ट्री में 18 साल के अनुभव वाला एक विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त बुकमेकर है।