- by Pooja
- 08-Jun-2023
Loading
पीएम मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नमामि गंगे मिशन के तहत हरिद्वार, ऋषिकेश और बद्रीनाथ समेत कई शहरों की 6 बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कहा ‘आज मां गंगा की निर्मलता को सुनिश्चित करने वाली 6 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसमें हरिद्वार, ऋषिकेश, बद्रीनाथ और मुनि की रेती में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और म्यूजियम जैसे प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। इनके लिए मैं उत्तराखंड के सभी लोगों को बहुत बधाई देता हूं।’
वही इस कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी अपने विचार साझा किये। उसके बाद स्क्रीन पर नमामि गंगे की ओर से तैयार की गई शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई। इसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रधानमंत्री को कुंभ और नमामि गंगे परियोजना को लेकर प्रदेश में हो रहे कार्यों से अवगत कराया। वही पीएम मोदी ने रोविंग डाउन द गंगा पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक में विस्तार से ये बताया गया है कि गंगा हमारे सांस्कृतिक वैभव, आस्था और विरासत का बहुत बड़ा प्रतीक है।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि देश के किसानों, श्रमिकों और देश के स्वास्थ्य से जुड़े बड़े सुधार किए गए हैं। इन सुधारों से देश का श्रमिक सशक्त होगा, देश का नौजवान सशक्त होगा, देश की महिलाएं सशक्त होंगी, देश का किसान सशक्त होगा। साथ ही उत्तराखंड सरकार ने सिर्फ एक रूपये में पानी का कनेक्शन देने का बीड़ा उठाया है। उत्तराखंड सरकार ने साल 2022 तक हर घर जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कोरोना काल के बीच भी उत्तराखंड में बीते 4-5 महीने में करीब 50 हजार घरों में पानी के कनेक्शन दिए गए हैं।