Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

योगी सरकार की डिजिटल योजना से 3 करोड़ लोगों तक पहुंचा लाभ, 46% परिवारों को पहली बार मिला स्मार्ट डिवाइस

उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के लिए शुरू की गई स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना का असर अब विद्यार्थियों के साथ उनके परिवारों तक भी पहुंच रहा है। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) लखनऊ के स्वतंत्र प्रभाव आकलन में सामने आया है कि मार्च 2026 तक योजना के तहत वितरित स्मार्ट डिवाइस का संभावित पारिवारिक लाभ करीब 3 करोड़ लोगों तक पहुंचा है। अध्ययन के मुताबिक, सर्वेक्षण में शामिल लगभग 46 प्रतिशत परिवारों को योजना के जरिए पहली बार स्मार्ट डिजिटल उपकरण मिला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित इस योजना का उद्देश्य युवाओं को पढ़ाई, कौशल विकास और रोजगार की तैयारी के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना है। आईआईएम लखनऊ के अध्ययन में इसके शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक प्रभावों का विश्लेषण किया गया है।

60 लाख स्मार्टफोन और टैबलेट का हुआ वितरण

अध्ययन के अनुसार, मार्च 2026 तक उत्तर प्रदेश में करीब 60 लाख स्मार्ट डिवाइस वितरित किए जा चुके हैं। इनमें 37.19 लाख स्मार्टफोन और 22.61 लाख टैबलेट शामिल हैं। प्रदेश में एक परिवार के औसतन पांच सदस्य मानते हुए अध्ययन में इन उपकरणों का संभावित पारिवारिक प्रभाव करीब 3 करोड़ लोगों तक आंका गया है।

योजना का लाभ बड़ी संख्या में ऐसे परिवारों तक पहुंचा है, जिनकी सालाना आय दो लाख रुपये से कम है। सर्वेक्षण में शामिल 4,414 परिवारों में से 2,019 परिवारों यानी 45.7 प्रतिशत के लिए योजना के तहत मिला डिवाइस पहला स्मार्ट डिजिटल उपकरण था। इससे उन परिवारों को भी डिजिटल सुविधाओं से जुड़ने का अवसर मिला, जिनके पास पहले स्मार्टफोन या टैबलेट नहीं था।

टैबलेट इस्तेमाल करने वाले विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम

आईआईएम लखनऊ के अध्ययन में स्मार्टफोन और टैबलेट से पढ़ाई पर पड़ने वाले प्रभाव की तुलना भी की गई। इसमें टैबलेट पाने वाले विद्यार्थियों ने सीखने की क्षमता, करियर संबंधी आकांक्षाओं, योजना से संतुष्टि, सशक्तीकरण और नेतृत्व क्षमता जैसे मानकों पर बेहतर प्रदर्शन किया।

अध्ययन के अनुसार, आठ मानकों पर टैबलेट उपयोगकर्ताओं के परिणाम सांख्यिकीय रूप से उल्लेखनीय रूप से बेहतर पाए गए। इससे उच्च शिक्षा, तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में टैबलेट की उपयोगिता सामने आई है।

बेटियों की पढ़ाई और आत्मनिर्भरता को मिला बढ़ावा

अध्ययन में महिला लाभार्थियों के बीच भी योजना का सकारात्मक प्रभाव सामने आया है। महिला विद्यार्थियों ने शैक्षणिक प्रदर्शन, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता, दक्षता और खुद फैसले लेने की क्षमता जैसे मानकों पर पुरुष लाभार्थियों से बेहतर परिणाम दर्ज किए।

इससे पता चलता है कि डिजिटल उपकरण बेटियों के लिए केवल पढ़ाई का साधन नहीं हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक भागीदारी को बढ़ाने में भी मददगार साबित हो रहे हैं।

परिवारों में बढ़ा डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल

सर्वेक्षण में 43.5 प्रतिशत से अधिक लाभार्थियों ने बताया कि वे हर महीने पांच जीबी से ज्यादा इंटरनेट डेटा का इस्तेमाल करते हैं। अध्ययन में यह भी सामने आया कि अभिभावक और परिवार के दूसरे सदस्य इन उपकरणों का उपयोग ई-गवर्नेंस सेवाओं, डिजिटल भुगतान और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए कर रहे हैं।

शिक्षकों और प्राचार्यों ने भी कक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता और खुद से सीखने की क्षमता में सकारात्मक बदलाव की जानकारी दी। अध्ययन में कक्षा सहभागिता और स्वतंत्र शिक्षण के लिए 4.53/5 की रेटिंग दर्ज की गई।

योजना को बेहतर बनाने के लिए आईआईएम ने दिए 10 सुझाव

आईआईएम लखनऊ की अध्ययन टीम ने योजना के प्रभाव को लंबे समय तक बनाए रखने और इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए 10 रणनीतिक सुझाव दिए हैं। इनमें उच्च शिक्षा और तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर टैबलेट देना शामिल है।

इसके अलावा पहली बार डिजिटल डिवाइस पाने वाले परिवारों को प्राथमिकता देने, डिजिटल वेलनेस का प्रशिक्षण, शिक्षकों को डिजिटल रूप से प्रशिक्षित करने और शिक्षण संस्थानों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने की सिफारिश की गई है। ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म को बढ़ावा देने और योजना का नियमित प्रभाव आकलन करने पर भी जोर दिया गया है।

आईआईएम लखनऊ के इस अध्ययन से सामने आया है कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना का प्रभाव केवल विद्यार्थियों को डिवाइस उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। यह पहल शिक्षा के साथ परिवारों की डिजिटल पहुंच बढ़ाने और सामाजिक-आर्थिक समावेशन को मजबूत करने में भी भूमिका निभा रही है।