स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मंडल के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। गोंडा के शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने जोरदार स्वागत किया। भारत माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
मुख्यमंत्री के हाथों टैबलेट मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई छात्र-छात्राएं 'योगी जी का साथ है, भविष्य अपने हाथ है' जैसे नारे लगाते नजर आए। सीएम योगी ने भी हाथ हिलाकर विद्यार्थियों का अभिवादन किया।
छात्रों ने बताया कि टैबलेट से उन्हें ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल लाइब्रेरी और नई तकनीक से जुड़ी शैक्षिक सामग्री का लाभ मिलेगा। इससे पाठ्यक्रम की तैयारी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार से संबंधित जानकारी हासिल करना भी आसान होगा।
चार जिलों के विद्यार्थियों को मिला डिजिटल उपहार
देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में कुल 46,800 टैबलेट बांटे गए। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, गोंडा के 33,200, बहराइच के 7,400, बलरामपुर के 5,100 और श्रावस्ती के 1,100 विद्यार्थियों को डिवाइस मिले।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। टैबलेट के जरिए छात्र ऑनलाइन पाठ्यक्रम, ई-बुक्स, अध्ययन सामग्री और अन्य शैक्षिक संसाधनों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
ऑनलाइन कोर्स और प्रतियोगी परीक्षाओं में मिलेगी मदद
टैबलेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने इसे पढ़ाई के लिए उपयोगी बताया। गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस ने कहा कि डिवाइस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीक का इस्तेमाल कर पढ़ाई को बेहतर बनाया जा सकता है।
बहराइच के मानवी पांडेय, अमिता जायसवाल, समा बेगम, श्रीकुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टैबलेट से निशुल्क ऑनलाइन कोर्स करने और नई स्किल सीखने का मौका मिलेगा। इसके माध्यम से छात्र रोजगार, इंटर्नशिप और छात्रवृत्ति से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
श्रावस्ती की रिद्धिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं बलरामपुर की अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी ने भी टैबलेट मिलने पर खुशी जाहिर की। विद्यार्थियों का कहना था कि डिजिटल संसाधनों की मदद से वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और पढ़ाई में तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकेंगे।
डिजिटल तकनीक से युवाओं के लिए खुलेंगे नए रास्ते: कीर्तिवर्धन सिंह
केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री और सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि आज शिक्षा, व्यापार, कृषि और चिकित्सा सहित लगभग हर क्षेत्र में डिजिटल तकनीक का महत्व बढ़ रहा है। ऐसे समय में विद्यार्थियों को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना उनके भविष्य के लिए अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वर्ष 2015 में शुरू किए गए डिजिटल मिशन के बाद भारत ने सूचना प्रौद्योगिकी और ऑनलाइन भुगतान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भी तकनीकी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कीर्तिवर्धन सिंह ने विद्यार्थियों से डिजिटल शिक्षा का लाभ उठाने, अच्छे संस्कार अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल कौशल के जरिए युवा देश और विदेश में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जुड़ सकते हैं।
युवाओं में से ही निकलेंगे भविष्य के वैज्ञानिक और अधिकारी: करण भूषण सिंह
कैसरगंज के सांसद करण भूषण सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज उनके सामने देवीपाटन मंडल का भविष्य मौजूद है। इन्हीं विद्यार्थियों में से आगे चलकर इंजीनियर, वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी बनेंगे।
उन्होंने युवाओं से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरणा लेकर ईमानदारी और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। सांसद ने कहा कि टैबलेट वितरण विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
विद्यार्थियों के बीच पहुंचे सीएम योगी, साथ में खिंचवाई तस्वीरें
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच से उतरकर विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनके साथ सेल्फी भी ली। मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए विद्यार्थियों में खास उत्साह नजर आया। कई छात्र उनके पास पहुंचकर सेल्फी लेते दिखे। टैबलेट मिलने और मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात का यह पल विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया।