Breaking News

जनजातीय गौरव दिवस पर PM मोदी का वर्चुअल संबोधन, कार्यक्रम में जुड़े     |   लखनऊ में CM योगी ने किया 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन     |   कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी की किताब का आधिकारिक विमोचन सोमवार को होगा     |   कल सुबह 4:30 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो... छठ पूजा पर DMRC का ऐलान     |   छठ की खुशियों के बीच पटना में हादसा, गंगा में डूबे 4 युवक… 3 की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन     |  

छठ पूजा पर दिल्ली मेट्रो की खास व्यवस्था, 16 नवंबर को सुबह 4:30 बजे से शुरू होंगी ट्रेनें

छठ पूजा के अंतिम दिन उषा अर्घ्य के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 4:30 बजे से शुरू होंगी। आमतौर पर मेट्रो का संचालन सुबह 6 बजे से होता है। यानी त्योहार के मौके पर मेट्रो डेढ़ घंटे पहले चलनी शुरू हो जाएगी।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के मुताबिक, सुबह के शुरुआती घंटों में सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेनें 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। यह व्यवस्था नियमित समय-सारिणी के अनुसार सेवाएं शुरू होने तक लागू रहेगी।

सभी टर्मिनल स्टेशनों से शुरू होगी सेवा

DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की है। इसके मुताबिक, 16 नवंबर को सभी मेट्रो लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4:30 बजे पहली ट्रेन चलेगी। शुरुआती समय में हर 15 मिनट पर मेट्रो उपलब्ध रहेगी, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में आसानी हो। बीजेपी नेता पंकज कुमार सिंह ने भी इस फैसले को दिल्ली में रहने वाले छठ व्रतियों और पूर्वांचल समुदाय के लोगों के लिए बड़ी सौगात बताया है।

चार दिनों तक चलता है छठ पूजा का पर्व

छठ पूजा चार दिनों तक मनाई जाती है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती स्नान करने के बाद अरवा चावल, चना दाल और लौकी की सब्जी जैसे पारंपरिक भोजन का सेवन करते हैं।

दूसरे दिन खरना का व्रत रखा जाता है। इसमें व्रती सूर्योदय से सूर्यास्त तक अन्न और जल ग्रहण नहीं करते। शाम को पूजा के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद खाकर व्रत खोलते हैं। इसके बाद करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है।

तीसरे दिन श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देते हैं। वहीं, चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद पारण के साथ व्रत पूरा होता है। छठ पर्व में सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है। श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं।