Breaking News

IND vs ENG U19 वर्ल्ड कप फाइनल: भारतीय टीम ने जीता टॉस, इंग्लैंड की पहले गेंदबाजी     |   'लक्ष्य कभी भी आसान नहीं होना चाहिए...', 'परीक्षा पे चर्चा' में PM मोदी की छात्रों को सीख     |   यूपी में SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-हटाने की आज आखिरी तारीख     |   जालंधर: गुरुद्वारा के बाहर AAP नेता की हत्या, लक्की ओबेरॉय को मारी गईं पांच गोलियां     |   युवराज मौत मामला: इलाहाबाद हाई कोर्ट से बिल्डर अभय कुमार को राहत, रिहा करने का आदेश     |  

Gold Silver Price: चांदी 10 प्रतिशत टूटकर 2.68 लाख रुपये प्रति किग्रा पर, सोना भी तीन प्रतिशत टूटा

Gold Silver Price: वैश्विक बिकवाली और डॉलर के मजबूत होने की वजह से राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में गुरुवार को बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में भारी गिरावट आई। इस दौरान चांदी की कीमत 10 प्रतिशत टूटकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1.6 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 30,300 रुपये, या 10.16 प्रतिशत लुढ़ककर 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई, जबकि बुधवार को यह 2,98,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 4,500 रुपये, या लगभग तीन प्रतिशत गिरकर 1,60,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गया। पिछले सत्र में यह 1,65,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बृहस्पतिवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई, जिससे दो दिन से जारी तेजी का रुख पलट गया क्योंकि बहुमूल्य धातुओं को फिर से बिकवाली दबाव और बढ़ी हुई अस्थिरता का सामना करना पड़ा।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘यह गिरावट मजबूत डॉलर, फेडरल रिजर्व के अधिकारी की सख्त टिप्पणियों और सुरक्षित निवेश की मांग में कमी के बीच आई।’’

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सर्राफा कीमतों में भी भारी गिरावट देखी गई, जिसमें चांदी और सोना 13 प्रतिशत तक लुढ़क गए। हाजिर चांदी 11.94 डॉलर, या 13.54 प्रतिशत टूटकर 76.26 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि सोना 137.32 डॉलर, या 2.77 प्रतिशत लुढ़ककर 4,826.99 डॉलर प्रति औंस रह गया।

दुनिया की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर इंडेक्स 0.25 प्रतिशत बढ़कर 97.86 पर था। मिराए एसेट शेयरखान के जिंस पमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘गुरुवार को हाजिर सोने में गिरावट आई क्योंकि डॉलर मजबूत हुआ और कल ओमान में अमेरिका-ईरान वार्ता से पहले सावधानी बरती जा रही है।’’