Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में मंगलवार सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण जिला प्रशासन और राजौरी पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने नदी-नालों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी के साथ फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और नदियों, नालों तथा बाढ़ संभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाली सड़कों या पुलों को पार करने की कोशिश न करने और मौसम संबंधी अपडेट व प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।

राजौरी पुलिस ने भी तत्काल एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जिले की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। पुलिस ने लोगों से नदी किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों को तुरंत खाली करने और बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

वहीं, हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रेड अलर्ट को देखते हुए डिप्टी कमिश्नर प्रियंका वर्मा ने बताया कि 20 और 21 जुलाई को सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने के कारण नाहन में तीन सड़कें फिलहाल बंद हैं। 30 जून से 19 जुलाई के बीच जिले में मौसम संबंधी घटनाओं से करीब 16 करोड़ 98 लाख 87 हजार रुपये का नुकसान दर्ज किया गया है। इस दौरान आठ लोगों की मौत हुई, जिनमें दो की मौत सांप के काटने, पांच की वाहन दुर्घटनाओं और एक की ऊंचाई से गिरने के कारण हुई। हादसों में दो लोग घायल भी हुए हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) की परीक्षाएं भी चल रही हैं। प्रशासन के आदेश के तहत मंगलवार को होने वाली IGNOU की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं, जिन्हें बाद में दोबारा आयोजित किया जाएगा। हालांकि, मंगलवार को निर्धारित HPU की परीक्षाएं स्थगित नहीं की गई हैं।

इससे पहले सोमवार को भी लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने हिमाचल प्रदेश में जनजीवन प्रभावित किया। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) की शाम की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में 36 सड़कें बंद थीं और 43 पेयजल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हुई थीं। अधिकारियों ने दिनभर बिजली व्यवस्था बहाल करने में काफी प्रगति की, लेकिन ताजा बारिश के कारण पेयजल आपूर्ति से जुड़ी बाधाओं में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई।