Breaking News

प्रयागराज में माघ मेले में पूजा-अर्चना करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे     |   अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने ज्यादातर उड़ानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद किया     |   सीएम योगी ने मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाई     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सेना दिवस पर जवानों और उनके परिवारों को दी शुभकामनाएं     |   मकर संक्रांति पर प्रयागराज संगम में आस्था का महासैलाब, 15 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान     |  

मकर संक्रांति पर आसमान में छाईं रंग-बिरंगी पतंगें, देशभर में दिखा उत्सव का रंग

मकर संक्रांति पर्व पर पूरे देश में हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला। आसमान में उड़ती पतंगों ने इस पर्व को और जीवंत बना दिया। छतों पर लोग अपने परिवार के लोगों और दोस्तों के साथ इकट्ठा हुए और आसमान में जमकर पंतगबाजी की। मकर संक्रांति पर सूर्य उत्तरायण हो जाते हैं और दिन भी धीरे धीरे बड़ा होने लगता है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जंबोरी ग्राउंड में बच्चे हाथों में पतंग लिए लाइन में खड़े दिखे, इस दौरान जमकर हंसी ठिठोली भी हुई। सभी उम्र के स्थानीय लोग भी इस उत्सव में शामिल हुए और पतंगों को आसमान में उड़ाया।

गुजरात के अहमदाबाद में सूर्य के उत्तरायण का विशेष सांस्कृतिक महत्व है, शहर के ऐतिहासिक पुराने इलाकों में उत्सव की उमंग में लोग सराबोर दिखे। सहेर नी पोल इलाके में लोगों ने सुबह से ही छतों पर इकट्ठा होकर आसमान में रंग बिरंगी अलग अलग डिजाइनों की पतंगों की छटा बिखेरी।हैदराबाद में मकर संक्रांति पर्व के दौरान एक अलग ही रंग दिखा। जब सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड का आसमान बड़ी बड़ी और अलग अलग डिजाइन्स की पतंगों से भरा हुआ नजर आया।

ऊंचाई पर उड़ती व्हेल से लेकर ड्रैगन और बाघ की आकृति वाली पतंगों ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस पतंग उत्सव में 19 देशों से आए करीब 40 प्रतिभागी और भारत के 55 प्रतिभागियों के साथ मुकाबला देखने को मिला। पतंगबाजी से लेकर मिठाई बांटने और हंसी-मजाक तक, मकर संक्रांति ने सभी उम्र के लोगों को एक ही रंग में रंग दिया, वो था भाईचारा और सद्भावना का रंग, और इसकी गवाह बनी आसमान में उड़ती ये रंग बिरंगी पतंगें