अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों को दवाओं की कीमत जानने के लिए अब फार्मेसी के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अस्पतालों की फार्मेसियों में दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य सार्वजनिक करने के निर्देश दिए हैं। इन नियमों का पालन नहीं करने पर लखनऊ की 9 हॉस्पिटल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
यह कार्रवाई एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के 1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुपालन में की गई है। जावित्री हॉस्पिटल, टेंडर पाम, शांति राज मेडिकल्स, ग्लोब मेडिकेयर और शेखर हॉस्पिटल समेत कई अस्पतालों की फार्मेसियां कार्रवाई के दायरे में आई हैं।
जिले में कुल 13 हॉस्पिटल फार्मेसियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान औषधि निरीक्षकों को दवाओं की कीमत और अन्य जरूरी जानकारी सार्वजनिक करने के निर्देशों का पालन नहीं मिला। संबंधित फार्मेसियों को नोटिस देकर जवाब और दस्तावेज मांगे गए। तय प्रक्रिया के बाद भी नियमों का पालन नहीं होने पर 9 फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
चार अस्पतालों ने पूरा किया आदेश का पालन
एफएसडीए के निर्देशों के बाद मेदांता की आईपी फार्मेसी, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, अपोलोमेडिक्स इंटरनेशनल लाइफसाइंसेज लिमिटेड और रीजेंसी हॉस्पिटल ने जरूरी जानकारी सार्वजनिक कर दी है। इन फार्मेसियों ने दवाओं और मेडिकल डिवाइस की मूल्य सूची अपनी वेबसाइट और क्यूआर कोड के जरिए उपलब्ध करा दी है।
इन फार्मेसियों पर हुई कार्रवाई
लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई में जावित्री हॉस्पिटल के राधा मेडिकल स्टोर, कृष्णा फार्मा और कृष्णा मेडिकल स्टोर (तेलीबाग), टेंडर पाम फार्मेसी, हेल्थप्लस रिसर्च एंड मेडिसेंटर एलएलपी की अर्जुनगंज इकाई, शांति राज मेडिकल्स, अवध हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर (आलमबाग), ग्लोब मेडिकेयर (निराला नगर), केपीएम मेडिकल डिस्पेंसरी (अमौसी), शेखर हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, शेखर हार्ट लंग सेंटर (इंदिरा नगर), डॉ. केएनएस फार्मेसी (विकास खंड-2, गोमती नगर), तलवार स्किन फार्मेसी (चर्च रोड, इंदिरा नगर) और किड्स क्लिनिक इंडिया लिमिटेड (विराज खंड, गोमती नगर) शामिल हैं।
वेबसाइट पर देनी होगी फार्मेसी की पूरी जानकारी
एफएसडीए ने 1 अक्टूबर 2026 के आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (डीपीसीओ)-2013 के नियमों का हवाला देते हुए दवाओं की कीमतों का खुलासा करना अनिवार्य किया था। इसके अनुसार, हर रिटेलर और डीलर को निर्माता की ओर से दी गई मूल्य सूची ऐसी जगह लगानी होगी, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सकें।
हॉस्पिटल फार्मेसियों को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट भी बनानी होगी। वेबसाइट पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस नंबर, लाइसेंसधारक का नाम और पते के साथ नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या और फोटो देना जरूरी है। इसके अलावा साप्ताहिक स्टॉक की जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी।
वेबसाइट को लगातार अपडेट करना होगा और उसका लिंक फार्मेसी काउंटर पर साफ दिखाई देने वाली जगह पर लगाना होगा। मरीजों की सुविधा के लिए वेबसाइट का लिंक ऐप या क्यूआर कोड के माध्यम से भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
कीमतों की जानकारी से मरीजों को मिलेगा फायदा
अस्पतालों के भीतर चलने वाली फार्मेसियों में भर्ती मरीजों के पास दवाएं खरीदने के सीमित विकल्प होते हैं। ऐसे में दवाओं का प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) सार्वजनिक होने से मरीजों और उनके परिजनों को खरीद और बिक्री मूल्य के बीच का अंतर समझने में मदद मिलेगी। इस जानकारी के आधार पर मरीज दवाओं के खर्च को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे और अधिक जागरूक होकर फैसला ले पाएंगे।
4 दिसंबर तक जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
एफएसडीए का विशेष अभियान 4 दिसंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। अब तक 68 जनपदों में 495 हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण किया जा चुका है।
जिन फार्मेसियों में आदेश का पालन नहीं मिला, उन्हें सात दिन के भीतर जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि समय-सीमा में नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित फार्मेसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 22(1)(डी) के तहत बिक्री पर रोक भी लगाई जा सकती है।
कीमतें तय करना नहीं, जानकारी सार्वजनिक कराना है मकसद
एफएसडीए ने साफ किया है कि इस आदेश का उद्देश्य दवाओं की कीमत निर्धारित करना या फार्मेसियों के मुनाफे पर सीमा लगाना नहीं है। इसका मकसद फार्मेसियों को दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य सहित जरूरी जानकारियां सार्वजनिक करने के लिए बाध्य करना है।
विभाग के मुताबिक, कीमतों की जानकारी आसानी से मिलने से अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिवारों को दवाओं पर होने वाले खर्च का बेहतर अंदाजा होगा। इस कदम से हॉस्पिटल फार्मेसियों में पारदर्शिता बढ़ेगी और मरीजों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।