Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

दिल्ली में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन जगह छापेमारी में 948.9 लीटर घी जब्त

दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ दिल्ली सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को भोगल मार्केट, नजफगढ़ मार्केट और शिव विहार में छापेमारी कर कुल 948.9 लीटर घी जब्त किया गया। शिव विहार में दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने भोगल और नजफगढ़ से घी के 15 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। विभाग में कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि जांच और कार्रवाई में तेजी लाई जा सके। जरूरत पड़ने पर दूसरे विभागों के कर्मचारियों की मदद भी ली जाएगी।

तीन जगहों से जब्त किया गया घी

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तीन स्थानों पर छापेमारी के दौरान अलग-अलग मात्रा में घी जब्त किया।

  • भोगल मार्केट: 389.9 लीटर घी

  • नजफगढ़ मार्केट: 338 लीटर घी

  • शिव विहार: 221 लीटर घी

भोगल और नजफगढ़ से लिए गए 15 नमूनों की प्रयोगशाला में जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

निहाल विहार में 402 किलो खाद्य सामग्री नष्ट

इससे पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने निहाल विहार में 13 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान बिना लाइसेंस चल रही रसगुल्ला निर्माण इकाइयों, मिठाई बनाने वाले प्रतिष्ठानों और दुकानों की जांच की गई। कार्रवाई में करीब 402 किलो खाद्य सामग्री नष्ट की गई।

इसमें 265 किलो रसगुल्ला, 45 किलो छेना, 80 किलो मिल्क केक और 12 किलो कद्दूकस किया हुआ नारियल शामिल था। टीम ने जांच के लिए 14 नमूने भी एकत्र किए, जिनमें छेना, मिल्क केक, रसगुल्ला, मोतीचूर लड्डू, बेसन लड्डू, रसभरी और पनीर के नमूने शामिल थे।

मोरी गेट में 520 किलो खराब खोया और छेना नष्ट

मोरी गेट खोया मंडी में अलग कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को 370 किलो खोया और 150 किलो छेना लावारिस हालत में मिला। खाद्य सामग्री खराब हो चुकी थी और उससे दुर्गंध आ रही थी। टीम ने मौके पर ही कुल 520 किलो सामग्री नष्ट कर दी और खोया के तीन नमूने जांच के लिए लिए।

विभाग के मुताबिक, इससे पहले जन्माष्टमी के दौरान 4 सितंबर को इसी बाजार में करीब 3,050 किलो खोया और पनीर भी नष्ट किया गया था। मौजूदा मामलों में निरीक्षण और प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पूरे साल जारी रहेगी मिलावट के खिलाफ कार्रवाई

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि मिलावट के खिलाफ अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे साल जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई में ब्रांडेड कंपनियां भी दोषी पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ भी कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिठाइयां हमारी परंपरा, आस्था और आपसी स्नेह का हिस्सा हैं। उनकी शुद्धता सुनिश्चित करना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। अधिक मुनाफे के लिए किसी भी कारोबारी को लोगों की सेहत जोखिम में डालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता या एक्सपायर्ड उत्पादों की शिकायत के लिए लोग खाद्य सुरक्षा विभाग की हेल्पलाइन 1800-11-3921 पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क कर सकते हैं।