उत्तर प्रदेश में खादी और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में 'उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026' की शुरुआत हुई। गोमती नगर स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रांगण में आयोजित 10 दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने किया। यह आयोजन 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा।
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित महोत्सव की थीम 'धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति' रखी गई है। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए उद्यमियों और शिल्पकारों ने 150 स्टॉल लगाए हैं। उद्घाटन के बाद मंत्री ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और कारीगरों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
खादी को मिल रहा आधुनिक और डिजाइनर रूप

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि खादी सिर्फ पहनने का कपड़ा नहीं, बल्कि स्वाभिमान, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता से जुड़ा विचार है। महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन और देश को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों में खादी को महत्वपूर्ण माध्यम बनाया था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान से वर्ष 2014 के बाद खादी को नई पहचान मिली है। प्रधानमंत्री 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिए भी लोगों को खादी अपनाने और बुनकरों को प्रोत्साहित करने की अपील करते रहे हैं।
सचान के मुताबिक, आज खादी 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन की गुणवत्ता के साथ आधुनिक और डिजाइनर कपड़ों के रूप में युवाओं को आकर्षित कर रही है। विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में भी खादी के परिधान अपनाकर पारंपरिक संस्कृति को आगे बढ़ाया जा सकता है।
पांच साल में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाना है।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इस आर्थिक सहायता से प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित हुईं और 2,79,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। इसके अलावा प्रदेश के 18 मंडलों में आयोजित 115 प्रदर्शनियों में 27,508 स्टॉल लगाए गए। इन प्रदर्शनियों के जरिए उद्यमियों ने 161.54 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की।
खादी वस्त्रों पर 30 प्रतिशत की छूट

खादी उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए प्रदेश के विभिन्न शहरों में नए खादी बिक्री केंद्र खोले जा रहे हैं। मंत्री ने बताया कि गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर से खादी के कपड़ों और गारमेंट्स की खरीद पर 30 प्रतिशत विशेष छूट दी जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खादी महोत्सव में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों को खरीदें और बुनकरों व शिल्पकारों को प्रोत्साहित करें। मंत्री ने कहा कि खादी अपनाने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय कारीगरों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा।
खादी और स्वदेशी को बढ़ावा देने का संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को खादी को जन-जन तक पहुंचाने, ग्रामोद्योग उत्पादों को प्रोत्साहित करने, युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।
उद्घाटन समारोह में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर और उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी शिशिर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।