Breaking News

MP: नरसिंहपुर में गन्ने के भाव को लेकर उबल पड़े किसान, NH-44 पर पुलिस से झड़प     |   PM मोदी की अध्यक्षता में आज दोपहर सेवा तीर्थ में कैबिनेट की अहम बैठक     |   लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देना हमारा संकल्प: BJP नेता गौरव वल्लभ     |   हैदराबाद के GVK मॉल को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने मॉल को खाली कराया     |   क्राइस्टचर्च टेस्ट: भारत ने टॉस जीता, न्यूजीलैंड को बैटिंग करने का दिया न्योता     |  

सीएम योगी का विपक्ष पर हमला- मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से नहीं होता विकास, विजन और समर्पण जरूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं व प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल घोषणाएं करने और मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता। प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए समय, समर्पण और स्पष्ट विजन की जरूरत होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को माफिया और उपद्रव का केंद्र बनाकर युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। आज प्रदेश माफिया, कर्फ्यू और दंगों से मुक्त होकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने कहा कि परिवारवाद की राजनीति करने वालों की सोच सैफई तक सीमित थी, जबकि उनकी सरकार ने 25 करोड़ प्रदेशवासियों को अपना परिवार मानकर विकास के लिए काम किया।

टैबलेट युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय

bDFdfz

सीएम योगी ने विद्यार्थियों से कहा कि टैबलेट केवल डिजिटल डिवाइस नहीं, बल्कि चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इससे शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास के नए रास्ते खुलेंगे। युवाओं को इस तकनीक का इस्तेमाल अपना भविष्य बेहतर बनाने के लिए करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि रील देखने के लिए 30 सेकंड निकालिए, लेकिन रोजाना कम से कम 30 मिनट अपनी स्किल बढ़ाने में लगाइए। अपने सपनों और संकल्पों को भी टैबलेट की तरह हमेशा चार्ज रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब युवा सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे, तभी नकारात्मक ताकतें कमजोर होंगी और उनका भविष्य सुपरचार्ज होगा।

गोंडा से देवीपाटन मंडल तक विकास की बदली तस्वीर

bFVF

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के पुराने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोंडा की पहचान देश के सबसे गंदे शहरों में होती थी। देवीपाटन शक्तिपीठ तक पहुंचने वाली सड़कें भी खराब थीं। बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच विकास की दौड़ में पीछे थे और नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में मंडल के तीन जिले शामिल थे।

योगी ने बताया कि अब गोंडा में मेडिकल कॉलेज बन चुका है और बहराइच में मेडिकल कॉलेज संचालित है। बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है, जबकि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का काम तेजी से चल रहा है। थारू संग्रहालय और बेहतर सड़कें भी क्षेत्र के विकास को नई पहचान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने देवीपाटन मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। श्रावस्ती एयरपोर्ट तैयार है और जल्द ही हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने की उम्मीद है।

सात कार्यकालों से दोगुने से ज्यादा युवाओं को मिली नौकरी

bdfbdf

मुख्यमंत्री ने बताया कि वह लखनऊ में 1,594 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद गोंडा पहुंचे हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के चार और बहुजन समाज पार्टी के तीन कार्यकालों में जितनी नियुक्तियां हुईं, उससे दोगुने से अधिक नियुक्तियां अकेले भाजपा सरकार ने की हैं। योगी ने कहा कि नियुक्ति पत्र युवाओं की मेहनत का सम्मान हैं, जबकि टैबलेट उनके हुनर को आगे बढ़ाने का माध्यम है।

युवा साथी ऐप पर पढ़ाई से रोजगार तक की जानकारी

bFDbDF

मुख्यमंत्री ने बताया कि टैबलेट में 'युवा साथी ऐप' के माध्यम से 18 हजार से अधिक शैक्षिक सामग्री और निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। विद्यार्थी एक क्लिक पर छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि आईआईएम लखनऊ के अध्ययन में सामने आया है कि डिजिटल उपकरणों के माध्यम से करीब तीन करोड़ लोगों को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने में मदद मिली। टैबलेट युवाओं को नौकरी खोजने के साथ डिजिटल उद्यमी बनने का अवसर भी देगा।

सीएम योगी ने एआई के इस्तेमाल को लेकर कहा कि यह युवाओं को सशक्त बनाने वाला साधन होना चाहिए, न कि उनके दिमाग पर हावी होने का माध्यम। उन्होंने चेताया कि इंटरनेट पर वायरल होने वाली हर सामग्री सही नहीं होती। इसलिए किसी भी पोस्ट को साझा करने से पहले उसका फैक्ट चेक जरूर करें।

'वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया' से 'नो कर्फ्यू-नो दंगा' तक

bdfbfD

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था कमजोर थी। स्कूलों में भवन और शिक्षकों की कमी थी, जबकि नकल, भूमि, खनन, शराब और वन माफिया का प्रभाव था। उन्होंने कहा कि उस दौर की पहचान 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया' बन गई थी।

योगी ने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के जरिए स्कूलों और इंटर कॉलेजों की स्थिति बेहतर की गई है। स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, फर्नीचर, खेल मैदान और छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। उनके मुताबिक, आज प्रदेश में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा- यूपी में सब चंगा' की स्थिति है।

120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हुए स्टार्टअप

bDFBFD

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, लेकिन अब इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। स्टार्टअप के बढ़ते अवसरों ने युवाओं को नौकरी पाने के साथ रोजगार देने वाला बनने का रास्ता भी दिखाया है।

उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि जब वे सत्ता में थे, तब युवाओं, किसानों, महिलाओं और प्रदेश के विकास के लिए क्या किया? योगी ने कहा कि घोषणाएं करने से पहले उन्हें अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।

परिवारवादियों की सोच सैफई तक, हमारी सरकार ने पूरे प्रदेश को परिवार माना

bdFbdf

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहचान का संकट पैदा करने वाले लोग एक बार फिर युवाओं के पास प्रमाणपत्र लेकर पहुंचने की कोशिश करेंगे। उन्होंने पूर्व सरकारों पर नोएडा को लेकर अंधविश्वास और वहां लूट-खसोट का आरोप लगाया। योगी के मुताबिक, आज नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे निवेश के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की सोच कट्टा और बम तक सीमित थी, जबकि उनकी सरकार ने अवैध ठिकानों को ध्वस्त कर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल जैसी रक्षा तकनीक के निर्माण को बढ़ावा दिया। मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए ब्रह्मोस की ताकत का भी जिक्र किया।

हर जिले में बनेगा स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन

bFBFS

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किया जा रहा है। यहां दसवीं, बारहवीं, स्नातक और परास्नातक युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जापान और जर्मनी जाने के इच्छुक युवाओं को सरकार अपने खर्च पर संबंधित भाषाओं का प्रशिक्षण दिलाएगी, ताकि वे विदेशों में रोजगार के अवसर हासिल कर सकें।

योगी ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बाराबंकी-बहराइच चार लेन कॉरिडोर के लिए सात हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति, गोंडा-लखनऊ मार्ग के चौड़ीकरण, जरवल रोड के पास घाघरा नदी पर चार लेन पुल, अयोध्या-बलरामपुर-श्रावस्ती कॉरिडोर और गोरखपुर-शामली-पानीपत इकोनॉमिक कॉरिडोर की जानकारी दी। उन्होंने रुपईडीहा में लैंड पोर्ट, औद्योगिक लॉजिस्टिक कॉरिडोर तथा कतर्नियाघाट और चित्तौरा झील के पर्यटन विकास का भी जिक्र किया।

2047 के विकसित भारत के सारथी बनेंगे युवा

bFSF

मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी युवा मतदाता बनें। 'युवा साथी ऐप' के जरिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य रखा है। उस समय आज के युवा ही देश और प्रदेश का नेतृत्व करेंगे। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और मेहनत से उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर और विकसित प्रदेश बनेगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह, सांसद बहराइच आनंद कुमार गोंड, विधायक सुभाष त्रिपाठी, बावन सिंह, कैलाश नाथ शुक्ला, रमापति शास्त्री, सुरेश्वर सिंह, प्रेम नारायण पांडे, अनुपमा जायसवाल, विनय कुमार द्विवेदी, प्रभात कुमार वर्मा, प्रतीक भूषण सिंह, पलटूराम, अजय कुमार, सरोज सोनकर, रामनिवास वर्मा, राम प्रताप वर्मा, राम फेरन पांडे, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह, मंजू सिंह, प्रज्ञा त्रिपाठी, पदमसेन चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

मंच पर मेधावी विद्यार्थियों को मिले टैबलेट

bvfbFSv

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर टैबलेट वितरित किए। इनमें गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस शामिल रहे।

इसके अलावा बहराइच की मानवी पांडेय, अमिता जायसवाल, समा बेगम, कुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह; श्रावस्ती की रिधिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह तथा बलरामपुर की अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी को भी मुख्यमंत्री के हाथों टैबलेट मिले।